नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा? महागठबंधन विधायक का बीजेपी की ओर झुकाव; कहा- ‘खुल रहा है दरवाजा’

सहरसा में आयोजित महागठबंधन के सम्मान समारोह में (RJD) नेता आईपी गुप्ता के एक बयान ने बिहार की सियासत में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। उनके इस रुख से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि क्या वह जल्द ही पाला बदलकर एनडीए (NDA) का दामन थाम सकते हैं।

बिहार की सियासत में बड़ी हलचल: नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच महागठबंधन विधायक का ‘भाजपा’ प्रेम उजागर

 

सहरसा/नई दिल्ली:

बिहार की राजनीति में इन दिनों कयासों का बाजार गर्म है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन के भीतर से बगावत के सुर उठने लगे हैं। ताजा मामला सहरसा का है, जहां महागठबंधन के विधायक आईपी गुप्ता का झुकाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर साफ नजर आ रहा है।

बुधवार, 18 मार्च 2026 को सहरसा में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में विधायक आईपी गुप्ता ने कुछ ऐसा बयान दिया, जिससे उनके एनडीए (NDA) में शामिल होने के कयास तेज हो गए हैं। इस कार्यक्रम में आरजेडी के जिलाध्यक्ष मोहम्मद ताहिर, नेता रंजीत यादव, धनिक लाल समेत महागठबंधन के कई दिग्गज कार्यकर्ता मौजूद थे, जिनके बीच विधायक के बदले हुए सुर ने सबको हैरान कर दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार के दिल्ली कूच की खबरों के बीच आईपी गुप्ता का यह ‘बीजेपी पर भरोसा’ बिहार में किसी बड़े सियासी उलटफेर का संकेत हो सकता है।

महाठबंधन विधायक आईपी गुप्ता का बड़ा बयान: ‘बिहार में बीजेपी की सरकार तय, भ्रष्ट अफसरों में खौफ’

सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विधायक आईपी गुप्ता ने अपनी ही गठबंधन सरकार के विपरीत जाते हुए भाजपा का खुला समर्थन किया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में जल्द ही भाजपा की सरकार बनने वाली है, जिससे पिछले 20 वर्षों से भ्रष्टाचार में डूबे अधिकारी अब कार्रवाई के डर से दिल्ली भागने की तैयारी में हैं। गुप्ता ने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा का मुख्यमंत्री बनते ही सभी ‘चोर’ अफसरों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पार्टी मजबूती के साथ प्रदेश में काम करेगी।

‘खोलना होगा दरवाजा, अब बजेगी डुगडुगी’— महागठबंधन विधायक आईपी गुप्ता की भ्रष्ट अफसरों और सिस्टम को खुली चेतावनी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले गांधी मैदान में शक्ति प्रदर्शन कर सुर्ख़ियों में आए और महागठबंधन के टिकट पर जीत दर्ज करने वाले विधायक आईपी गुप्ता के ताज़ा तेवरों ने प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है। सहरसा में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान गुप्ता ने न केवल भाजपा (BJP) पर ‘भरोसा’ जताया, बल्कि मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर भी बेबाक टिप्पणी की।

विधायक गुप्ता ने दोटूक शब्दों में कहा, “बिहार में मुख्यमंत्री चाहे भाजपा का बने या जेडीयू का, आईपी गुप्ता के लिए दरवाजा खुला रखना पड़ेगा। सहरसा के विकास के लिए काम करना ही होगा।” उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अफसर मुख्यमंत्री के संपर्क या ‘नालंदा’ कनेक्शन का हवाला देकर बचते रहे हैं, वे अब अपना बोरिया-बिस्तर समेट लें।

गुप्ता ने हुंकार भरते हुए कहा, “अब डुगडुगी बजने वाली है और तुम्हारी सारी फाइलें विधानसभा में खुलने वाली हैं, इसलिए सुधर जाओ।” गौरतलब है कि महागठबंधन के मंच से दिए गए इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि क्या आईपी गुप्ता जल्द ही एनडीए (NDA) का हिस्सा बनने जा रहे हैं।