शीतला मंदिर में भगदड़: 8 श्रद्धालुओं की मौत, 8 घायल — थानाध्यक्ष निलंबित, जांच तेज
दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मां शीतला मंदिर में सोमवार (31 मार्च 2026) को पूजा-अर्चना के दौरान भीषण भगदड़ मच गई। अत्यधिक भीड़ के कारण अचानक स्थिति अनियंत्रित हो गई, जिसमें अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 8 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए हैं।
एम फिरदौसी, जर्नलिज्म टुडे संवादाता
बिहारशरीफ। दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मां शीतला मंदिर में सोमवार (31 मार्च 2026) को पूजा-अर्चना के दौरान भीषण भगदड़ मच गई। अत्यधिक भीड़ के कारण अचानक स्थिति अनियंत्रित हो गई, जिसमें अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 8 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नालंदा जिला पुलिस और प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका समुचित इलाज चल रहा है।
मौके पर पटना प्रमंडल के आयुक्त और केंद्रीय क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक नालंदा एवं उप विकास आयुक्त स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपनगर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये, कुल 6 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि भगदड़ के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। साथ ही, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम द्वारा घटनास्थल का वैज्ञानिक एवं गहन निरीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
