मेडिकल कालेज से 832 लीटर विदेशी शराब बरामद, महिला समेत कई कि गिरफ़्तारी

बिहार:दरभंगा. सरकार और पुलिस-प्रशासन के तमाम दावों के उलट बिहार में शराब की तस्करी जारी है. ताजा मामला दरभंगा जिले का है जहां अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने रविवार को आठ सौ लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त किया. पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बाबूराम ने बताया कि पुलिस को यह सूचना मिली थी कि बेंता सहायक थाना क्षेत्र में दरभंगा मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल के मेस में एक पिकअप वैन से शराब उतारी जा रही है. पुलिस ने छापेमारी कर हॉस्टल के मेस एवं पिकअप वैन से 99 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है. बरामद शराब में करीब 832 लीटर विदेशी शराब थी.
एसएसपी ने बताया कि वैन के ड्राइवर मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है. शराब की पेटियां कहां से आई थीं, और किसके द्वारा यह खेप मंगायी गयी थी, इसकी भी जांच की जा रही है.
