ऑल इंडिया टॉपर डॉ. शमशाद का ग़ालिब इंस्टिट्यूट दिल्ली में हुआ सम्मान।
फ़ारसी सर्टिफिकेशन कोर्स बैच जुलाई 2023 में रहे थे फर्स्ट पोजीशन पर।
नई दिल्ली: भारत सरकार के कला व संस्कृति मंत्रालय द्वारा संवर्धित ग़ालिब इंस्टिट्यूट (ऐवान – ए- ग़ालिब) द्वारा आयोजित फ़ारसी सर्टिफिकेशन कोर्स बैच जुलाई 2023 में चूरू के राजकीय लोहिया महाविद्यालय के उर्दू विभाग में कार्यरत असि. प्रोफेसर डॉ. शमशाद अली ने ऑल इंडिया में पहला स्थान प्राप्त कर कॉलेज शिक्षा विभाग, चूरू जिले और राजस्थान को गौरवान्वित किया था। 2 फरवरी 2024 को ग़ालिब इंस्टिट्यूट दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. शमशाद अली को प्रशस्ति पत्र व यादगार मोमेंटो प्रदान कर उनका सम्मान किया गया।
विदित हो कि भारत के दिवंगत राष्ट्रपति डॉ॰ ज़ाकिर हुसैन के संरक्षण में 1969 में बनी समिति की सिफारिश पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और भूतपूर्व राष्ट्रपति फ़ख़रुद्दीन अली अहमद के प्रयासों के परिणामस्वरूप 1971 में ग़ालिब इंस्टिट्यूट की स्थापना की गई थी। भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद के सुपुत्र जम्मू कश्मीर व दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बदर दुर्रेज़ अहमद गालिब इंस्टिट्युट के वर्तमान अध्यक्ष है।
इस अवसर पर ग़ालिब इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर डॉ. इदरीस अहमद और फारसी उर्दू इंस्ट्रक्टर ताहिर उल हसन जिनकी कोशिशों से फारसी उर्दू भाषाओं को फ़रोग मिल रहा है, के साथ दिल्ली यूनिवर्सिटी के डीन फैकल्टी ऑफ आर्ट्स प्रोफेसर अमिताभ चक्रवर्ती, म्यूजिक इंस्ट्रक्टर अब्दुर्रहमान सहित मुल्क भर से स्कोलर्स मौजूद रहे।
