पृथ्वीपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव की बनाई रणनीति: जायसवाल
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की रणनीति पर हुई चर्चा।

एम एस हसन, वरिष्ठ पत्रकार
भोपाल(जर्नलिज्म टुडे):मध्यप्रदेश महिला कांगेस की अध्यक्ष अर्चना जायसवाल ने प्रदेश में होने वाले चुनाव और संगठन को मज़बूत करने की गरज़ से यहाँ कांग्रेस मुख्यालय पर महिला कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ली। सागर एवं शहडोल संभाग के अंतर्गत निवाडी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा में होने वाले उप-चुनाव की रणनीति भी बनाई। इसके साथ ही जायसवाल ने 15 सितंबर को अभा महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की रणनीति पर चर्चा की। इस अवसर पर प्रदेश के समस्त संभागों के प्रभारियों एवं अन्य प्रकोष्ठों के प्रभारियों के नामों की घोषणा की। इसके तहत भोपाल संभाग के लिए प्रतिभा विक्टर के नाम की घोषणा की गई, इसी प्रकार सागर संभाग से करुणा शर्मा, इंदौर संभाग पुष्पा शर्मा एवं नीरू शर्मा, ग्वालियर चम्बल संभाग सीमा समाधिया, उज्जैन संभाग अदिति दवेसर, जबलपुर संभाग मनीषा किशोर राय, ग्वालियर एवं नर्मदापुरम संभाग प्रतिभा तोमर, रीवा संभाग गीता शरद तिवारी तथा शहडोल संभाग से अनुभा शर्मा के नाम की घोषणा की गई। जायसवाल ने प्रकोष्ठ प्रभारियों के नामों की घोषणा भी की जिनमें प्रदेश आईटी एवं सोशल मीडिया सेल की प्रभारी करुणा शर्मा को बनाया गया, इसी प्रकार प्रदेश प्रवक्ता अंजु सिंह बघेल, अदिति दवेसर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी प्रतिभा विक्टर, प्रदेश महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ अदिति दवेसर एवं श्रीमती प्रतिभा तोमर, प्रदेश एनजीओ प्रकोष्ठ पुष्पा शर्मा एवं अंजना चतुर्वेदी एवं प्रदेश लीगल प्रकोष्ठ की प्रभारी के रूप में विनीता पाठक को लिया गया है।
