गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का इस्तीफा
1971 में जनसंघ से जुड़ने वाले रूपाणी ने एबीवीपी के साथ अपनी राजनीति की शुरुआत की थी।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पद छोड़ दिया है। आनंदीबेन पटेल के बाद उन्हें राज्य की कमान दी गयी थी। विजय रूपाणी को अमित शाह का करीबी माना जाता रहा है। बनिया-जैन समुदाय से आने वाले रूपाणी का जन्म म्यांमार में हुआ था। आपातकाल के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा था लगभग डेढ़ दशक पहले बेटे की मौत के कारण वो राजनीति को छोड़ना चाहते थे।
केशुभाई पटेल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान रूपाणी को चुनावी घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने 2007 तथा 2012 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को सौराष्ट्र इलाके में काफी सीटों पर जीत दिलायी थी। साल 2006 से 2012 तक वो राज्यसभा सांसद भी रहे। 1971 में जनसंघ से जुड़ने वाले रूपाणी ने एबीवीपी के साथ अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। बताते चलें कि रूपाणी ने अपने पद से आज इस्तीफा दे दिया। भाजपा के संगठन मंत्री बीएल संतोष कल गुजरात पहुंचे थे। इसके बाद ही कयास लगाए जा रहे थे कि वह इस्तीफा दे सकते हैं। राज्यपाल से मिलने के बाद खुद रूपाणी ने इस्तीफे का ऐलान किया। बता दें कि 2022 में गुजरात में विधानसभा का चुनाव होना है।
