देश में कोरोना की रफ्तार तेज, 24 घंटे में सामने आए 2.68 लाख नए केस, ओमिक्रॉन मरीजों की संख्‍या 6 हजार पार

प‍िछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 2,68,833 नए मामले सामने आए है, इस दौरान 1,22,684 लोग इस महामारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं. सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 14,17,820 हो गई है.

देश में कोरोना संक्रमण  के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. प‍िछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 2,68,833 नए मामले सामने आए है. इसके साथ ही सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 14,17,820 हो गई है. देश में फिलहाल डेली पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 16.66% हो गई है. कल के मुकाबले आज शनिवार को देश में कोरोना के 4,631 ज्‍यादा मामले आए हैं. कल कोरोना के 2,64,202 केस आए थे. कोरोना के साथ-साथ देश में ओमिक्रॉन के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं. अब ओमिक्रॉन की संख्या 6 हजार को पार कर गई है. अब तक देश में ओमिक्रॉन के कुल 6,041 मामले आ चुके हैं.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को 1,22,684 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया. देश में अब तक कुल 3,49,47,390 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. इसके साथ ही भारत में एक्टिव केस का प्रतिशत 3.85 हो गया है, वहीं रिकवरी रेट 94.83 के करीब है. भारत में कोरोना की तीसरी लहर पर लगाम लगाने के लिए कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं. इसके साथ ही टीकाकरण और टेस्टिंग के आंकड़ों पर भी जोर दिया जा रहा है. केंद्र सरकार के मुताबिक, अभी तक देश में वैक्सीन की 156.02 करोड़ खुराक दी जा चुकी है. देश में शुक्रवार को 16 लाख से अधिक टेस्ट किए गए थे.