गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय वायु सेना का शक्ति प्रदर्शन, आसमान में गरजे राफेल
राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान भारत ने अपनी सैन्य ताकत के साथ संस्कृति और नारी शक्ति का प्रदर्शन किया. नारी शक्ति के हैरतअंगेज करतबों को देखकर परेड में मौजूद दर्शक दंग रह गए.

कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी की तीसरी लहर के बीच देश आज यानी 26 जनवरी को 73वां गणतंत्र दिवस (73rd Republic Day) मना रहा है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ram Nath Kovind) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की उपस्थिति में राजपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य ताकत के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखी. परेड के दौरान नारी शक्ति का भी अनूठा प्रदर्शन भी देखने को मिला. परेड में भारतीय वायुसेना के 75 विमानों ने पहली बार फ्लाई पास्ट करके अपनी ताकत एहसास कराया.
फ्लाई फास्ट के दौरान राफेल, जगुआर, C-130J सुपर हरक्यूलिस, सुखोई, मिग-29 जैसे विमानों ने आसमान के करतब दिखाए. साथ ही राज्यों में झांकियों के माध्यम से अपनी संस्कृति को देश के सामने रखा. राज्यों के अलावा, भारतीय वायुसेना, नौसेना, आर्मी समेत सुरक्षाबलों के दस्ते ने भी परेड में हिस्सा लिया.
देश के 73वें गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर आयोजित परेड की कमान परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल विजय कुमार मिश्रा ने संभाली और मेजर जनरल आलोक काकर परेड के सेकेंड-इन-कमांड रहे.
कोरोना महामारी का असर इस साल की गणतंत्र दिवस परेड पर देखने को मिला, जहां महज 5,000 लोग उपस्थित हुए और टीकों की दोनों खुराक लेने के अलावा सभी ने दोहरे मॉस्क पहन रखे थे तथा समारोह स्थल पर ‘दो गज की दूरी’ के नियम का भी पालन किया.
PM मोदी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय समर स्मारक पर देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. 1971 और इसके पहले और बाद के युद्धों सहित सभी युद्धों के सभी भारतीय शहीदों के नाम राष्ट्रीय समर स्मारक में अंकित किए गए हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने स्वागत किया. स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री ने वहां डिजिटल आगंतुक पुस्तिका पर अपना संदेश भी लिखा.
Input:- NDTV India
