दिल्ली में कोरोना ने बढ़ाई चिंता तो बोले मुख्यमंत्री – अभी घबराएं नहीं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और फिलहाल घबराने की कोई बड़ी वजह नहीं है. केजरीवाल ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते कोरोना वायरस के कहर के बीच दिल्लीवालों के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश आया है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और फिलहाल घबराने की कोई बड़ी वजह नहीं है. केजरीवाल ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
दिल्ली में सोमवार को कोविड महामारी की संक्रमण दर बढ़कर 2.70 फीसदी पहुंच गई जो पिछले दो महीनों में सबसे ज्यादा है. इससे राजधानी में कोविड के फिर से फैलने को लेकर चिंता बढ़ गई है. दिल्ली में पांच फरवरी को संक्रमण दर 2.87 फीसदी थी.
अरविंद केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘हम स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं. अभी घबराने की कोई बड़ी वजह नहीं है. हम स्थिति के मुताबिक, सभी जरूरी कदम उठाएंगे.’ इससे एक दिन पहले सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा था कि दिल्ली सरकार कोविड की स्थिति पर नज़र रख रही है और जब तक कोरोना वायरस के नए चिंताजनक स्वरूप का पता नहीं चलता, तब तक फिक्र की कोई बात नहीं है.
सत्येंद्र जैन ने कहा था, ‘दिल्ली में दैनिक मामले 100-200 के बीच आ रहे हैं. हम अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीज़ों पर नज़र रख रहे हैं, और इनकी संख्या कम हो रही है. फिलहाल संक्रमण दर पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए.’बता दें कि दिल्ली में सोमवार को दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 136 नए मामले दर्ज किए गए थे.
दरअसल, 13 जनवरी को दिल्ली में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 28867 मामले सामने आए थे, इसके बाद केसों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई थी. दिल्ली में 14 जनवरी को संक्रमण दर 30.6 प्रतिशत दर्ज की थी. दिल्ली में कोरोना की जांच के लिए रविवार को 6114 टेस्ट हुए जिसमें 1.34 फीसदी मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए.
input:news18
