पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार, शीशे तोड़कर घुसे पाक रेंजर्स के जवान उन्हें कोर्टरूम से गिरफ्तार किया।

पीटीआई के एक और नेता अजहर मसवानी ने आरोप लगाया कि रेंजर्स द्वारा अदालत के अंदर से 70 वर्षीय इमरान खान का अपहरण किया गया।

File Photo: Google

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि उन्हें पाक रेंजर्स ने गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के अध्यक्ष इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से की गई है। इमरान जब अल-कादिर ट्रस्ट मामले में पेशी के लिए हाईकोर्ट पहुंचे, तभी उन्हें पाक रेंजर्स ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। 

इमरान की गिरफ्तारी को लेकर इस्लामाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान चीफ जस्टिस ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आज जो हुआ, वह अक्षम्य है। मैं इसकी तह तक जाऊंगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं फेर सकते। सब कुछ कानून के मुताबिक होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम किसी को भी नहीं बख्शेंगे। कोर्ट से आईजी ने कहा कि NAB के पास गिरफ्तारी का वारंट था। वारंट की कॉपी कोर्ट के सामने पेश कर दी गई है। इस पर इमरान के वकील ने कहा कि गिरफ्तारी पूरी तरह से गैर कानूनी है।

पीटीआई के एक और नेता अजहर मसवानी ने आरोप लगाया कि रेंजर्स द्वारा अदालत के अंदर से 70 वर्षीय इमरान खान का अपहरण किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश भर में प्रदर्शन का तत्काल आह्वान किया है। पार्टी के एक अन्य नेता ने ट्विटर पर वीडियो संदेश में कहा कि वे इमरान खान को प्रताड़ित कर रहे हैं। वे खान साहब को पीट रहे हैं। उन्होंने खान साहब के साथ कुछ किया है।