धीरे-धीरे यमुना का जल स्तर नीचे जा रहा है, दिल्ली के लोगों को अब राहत मिलनी चालू हो जाएगी: अरविंद केजरीवाल
मुख्य्मंत्री ने कहा कि यह एक-दूसरे को दोष देने का समय नहीं है, सभी मिलकर काम कर रहे हैं।
नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार सुबह आईपी बस स्टैंड और डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर-12 पर बने रेगुलेटर (आईएनएफसी रेगुलेटर) का दौरा कर जायजा लिया। यह रेगुलेटर गुरुवार शाम करीब 7 बजे पानी का भारी दबाव पड़ने पर क्षतिग्रस्त हो गया था। सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूरी रात रेगुलेटर की मरम्मत कार्य में जुटे अफसरों और स्टाफ से बात कर जानकारी ली और उनके कार्य को सराहा। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यमुना में बढ़े जलस्तर से दिल्ली जल बोर्ड का इंद्रप्रस्थ रेगुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया।
दिल्ली सरकार, एनडीआरएफ और आर्मी की टीमें इसे ठीक कर रही हैं। हमारी कोशिश है कि शहर में पानी नहीं घुसना चाहिए। रेगुलेटर क्षतिग्रस्त होने पर राजनीति कर रही भाजपा को सीएम केजरीवाल ने करारा जवाब देते हुए कहा कि इस समय भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह एक-दूसरे को दोष देने का समय नहीं है, हम सभी मिलकर काम कर रहे हैं। इस दौरान राजस्व मंत्री आतिशी और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज भी उपस्थित रहे।अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जलस्तर भी कम होना शुरू हो गया है। लेकिन कल फिर बारिश होने की संभावना है। फिर भी हम उम्मीद करते हैं कि यमुना का जलस्तर जो नीचे जा रहा है, वो नीचे ही जाता रहे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। कल शाम इस रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पूरी रात सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज मौके पर ही रहे। शुक्रवार को सुबह एनडीआरएफ भी आ गई है और सभी साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
