बिहार बोर्ड इंटर एडमिशन की पहली सूची कल होगी जारी: छात्रों का इंतजार ख़तम


बिहार बोर्ड द्वारा इंटरमीडिएट 2021 में दाखिला के लिए पहली चयन सूची 18 अगस्त यानी कल जारी की जाएगी। प्रथम चयन सूची जारी होने के बाद प्रदेश भर के इंटर कॉलेज और स्कूलों में 11वीं में नामांकन शुरू होगा। प्रथम चयन सूची के आधार पर 18 से 24 अगस्त तक इंटर में दाखिला होगा। जिन छात्र-छात्राओं का नाम प्रथम चयन सूची में आएगा तो उन सभी को संबंधित कॉलेज या स्कूल में नामांकन लेना अनिवार्य होगा। अगर कोई छात्र 11वीं में दाखिला नहीं लेते हैं तो उनका नामांकन रद्द हो सकता है।

ज्ञात हो कि बिहार बोर्ड द्वारा इंटर नामांकन ओएफएसएस के माध्यम से किया जाता है। नामांकन से पहले बिहार बोर्ड द्वारा ऑनलाइन आवेदन लिये गये थे। ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया 10 अगस्त तक थी। आवेदन का मौका बोर्ड ने प्रदेश भर के सरकारी और गैर सरकारी स्कूल से मैट्रिक उत्तीर्ण विद्यार्थी को दिया था। बताया गया कि चयन सूची प्राप्त आवेदनों में से मैट्रिक के प्राप्तांक, आरक्षण कोटि तथा उनके द्वारा दिये गये संस्थान और संकाय के विकल्प के आधार पर निकाली जाएगी। इस बार इंटर में 16 लाख से अधिक सीटें हैं। कुल 3664 कॉलेज और स्कूल में नामांकन लिया जाएगा।
नामांकन के बाद स्लाइडअप कर पाएंगे छात्र
अगर किसी छात्र-छात्रा को प्रथम चयन सूची में मिले कॉलेज या स्कूल में नामांकन नहीं लेना है तो उन्हें इसके लिए स्लाइडअप करना होगा। स्लाइडअप करने से पहले छात्र-छात्रा को संबंधित कॉलेज या स्कूल में दाखिला लेना होगा। प्रथम चयन सूची में आये कॉलेज या स्कूल में 11वीं में नामांकन लेने के बाद ही विद्यार्थी स्लाइडअप कर पाएंगे। जो छात्र स्लाइडअप करेंगे उन्हें बोर्ड द्वारा दूसरी चयन सूची में फिर से नामांकन लेने का मौका दिया जाएगा।