डॉक्टर ने ठुकराया प्यार ,तो महिला सड़क पर बेचने लगी सब्जी

खबर विशेष: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मेडिकल कॉलेज में तैनात एक डॉक्टर को 5 साल पहले मिर्जापुर की युवती से प्यार हुआ. फेसबुक से संपर्क होने के बाद प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि युवती अपना घर और परिवार छोड़कर डॉक्टर के पास आ गई. आरोप है कि डॉक्टर ने शादी और नौकरी का लालच देकर लड़की को अपने जाल में फंसा लिया. 5 साल बाद डॉक्टर ने न तो शादी की न ही प्रेमिका को नौकरी दिलवाई. अब मजबूरी में युवती अपना और बच्चे का पेट पालने के लिए सड़क किनारे सब्जी बेच रही है. डॉक्टर पर उनकी प्रेमिका ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है.
बच्चे को अपनाने से किया इंकार
प्रेमिका का आरोप है कि डॉक्टर रोज रात में शराब पी कर घर आते हैं मारपीट और गाली गलौज करते हैं, घर में राशन, दूध तक बंद करा दिए हैं, बच्चे का स्कूल में एडमिशन तक नहीं करा रहे हैं. प्रेमिका का कहना है कि बच्चा डॉक्टर का है लेकिन मानने से इनकार करते हैं. प्रेमिका ने प्रेमी डॉक्टर की मां पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पीड़िता साधना का कहना है कि एक दिन डॉक्टर की मां आई और उसे बुरा-भला कह कर घर से निकाल दिया, जिसके बाद वो अपने पड़ोसी के यहां रह रही थी. आरोप है कि डॉक्टर दो बार लड़कियों को लेकर भी घर पर आया, मेरे विरोध करने पर घर से निकल जाने के लिए कहा. लेकिन मैं भी अपना सब कुछ छोड़ कर इनके पास आई थी, इस वजह से सब बर्दाश्त कर लिया.
डॉक्टर और उनकी मां पर मुकदमा दर्ज
वहीं, सीओ सदर शक्ति सिंह का कहना है कि साधना नाम की महिला ने डॉक्टर जीडी यादव और उनकी मां के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी थी. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है, जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे उस के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
