श्रीगर/नई दिल्ली: केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद (के.यू.चि.अ.प.), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यूनानी दिवस 2022 समारोह के हिस्से के रूप में शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, श्रीनगर में आयोजित यूनानी चिकित्सा पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

श्री सर्बानंद सोनोवाल, माननीय केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, आयुष मंत्रालय तथा पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने कल अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया था। डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई कालूभाई, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, आयुष मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार “अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए यूनानी चिकित्सा में आहार और पोषण” विषय पर आयोजित सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि थे।

सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारत सरकार ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में यूनानी चिकित्सा सहित भारतीय चिकित्सा पद्धति के बहुमुखी विकास को बहुत महत्व दिया है। उन्होंने आगे बताया कि श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भारत में ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन स्थापित करने का निर्णय लिया है जो शोधकर्ताओं और छात्रों को पारंपरिक चिकित्सा में दुनिया का नेतृत्व करने का एक बड़ा अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने आगे कहा कि यूनानी दिवस हकीम अजमल खान की जयंती पर मनाया जाता है जो बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उनके और कई अन्य विद्वानों के योगदान के कारण है कि हमें यह व्यापक चिकित्सा प्रणाली विरासत में मिली है। जम्मू और कश्मीर क्षेत्र के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी को इस खूबसूरत प्रदेश पर गर्व है जो दुनिया भर में पर्यटकों के आकर्षण के रूप में खुद को स्थापित करने में सफल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर पौधों के संसाधनों में समृद्ध है जिस ने औषधीय उपयोग के लिए शोध करने और उनका पता लगाने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि मानव जाति लाभान्वित हो सके। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में जो रहे विकास कार्यों का युवाओं को लाभ उठाना चाहिए. उन्होंने कहा कि क्षे.यू.चि.अ.सं., श्रीनगर में एक आयुष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रेजिमेनल थेरेपी विकसित करने के लिए 7 करोड़ से अधिक रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।

माननीय मंत्री डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई ने अपने संबोधन में कहा कि आहार बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह ऊर्जा का मूल स्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि यूनानी चिकित्सा स्वास्थ्य को बनाए रखने और बीमारियों को रोकने के लिए स्वस्थ भोजन की आदतों के लिए विस्तृत दिशानिर्देश प्रदान करती है। उन्होंने दवाओं और औषधीय खाद्य पदार्थों के माध्यम से प्रतिरक्षा बढ़ाने और कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में आयुष प्रणाली की भूमिका की सराहना की। उन्होंने यूनानी चिकित्सा में अनुसंधान और विकास में के.यू.चि.अ.प. के योगदान की भी सराहना की।

श्री प्रमोद कुमार पाठक, विशेष सचिव, आयुष मंत्रालय, श्री विवेक भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, जम्मू-कश्मीर, वैद्य जयंत देवपुजारी, अध्यक्ष, राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग, प्रो. तलत अहमद, कुलपति, कश्मीर विश्वविद्यालय, प्रो. अकबर मसूद, कुलपति, बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय, प्रो. आसिम अली ख़ान, महानिदेशक, यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद (के.यू.चि.अ.प.) और डॉ. एम.ए. क़ासमी, सलाहकार (यूनानी), मंत्रालय आयुष ने भी उद्घाटन समारोह को संभोधित किया।

दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न्य उप-विषयों अर्थात “आहार और पोषण – स्वास्थ्य क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण शाख”, “वैश्विक स्वास्थ्य के लिए यूनानी चिकित्सा”, “आहार और पोषण-प्रतिरक्षा में सुधार के लिए यूनानी चिकित्सा में एक महत्वपूर्ण घटक”, “महामारी के दौरान सीखे गए सबक”, “अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण-सतत विकास लक्ष्य-3 की प्राप्ति”, “गैर-संक्रामक रोगों (एनसीडी) के लिए पारंपरिक चिकित्सा पद्धति” और “स्वास्थ्य एवं कल्याण” पर एक पैनल चर्चा और आठ वैज्ञानिक सत्र आयोजित किये गए।

सम्मेलन में कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ और स्वास्थ्य विज्ञान के दिग्गजों ने अपने ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता को साझा किया। इस अवसर पर यूनानी चिकित्सा और संबंधित स्वास्थ्य विज्ञान के विकास में लगे उद्योग, अकादमिक और अनुसंधान संगठनों के हितधारकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

उद्घाटन सत्र में सम्मेलन स्मारिका और के.यू.चि.अ.प. द्वारा प्रकाशित आठ पुस्तकों का विमोचन, दो यूनानी ई-पुस्तकों का विमोचन, योग प्रशिक्षकों को सम्मानित करने के लिए वाईसीबी प्रमाणपत्रों का वितरण, योग समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान और लाइव योग प्रदर्शन, के.यू.चि.अ.प. ऐप्स का विमोचन और एनएबीएच दुवारा क्षे.यू.चि.अ.सं.,श्रीनगर को प्रत्यायन प्रमाणपत्र भेंट करने जैसी प्रस्तुति देखी गई।

के.यू.चि.अ.प. पुस्तकों में ‘ओरिएंटेशन गाइडलाइन्स फॉर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (अंडर यूनानी स्ट्रीम)’, ‘एंटीअर्थरिटिक प्लांट्स इन यूनानी मेडिसिन’, ‘हेपटोप्रोटेक्टिव प्लांट्स इन यूनानी मेडिसिन’, ‘ग्लिम्प्सेस ऑफ़ एक्टिविटीज एंड अचीवमेंट्स ऑफ़ सेंट्रल कौंसिल फॉर रिसर्च इन यूनानी मेडिसिन’, ‘एडवांस्ड एनालिटिकल मेथड्स फॉर क्वालिटी कण्ट्रोल ऑफ़ यूनानी ड्रग्स – अरकियात (डिस्टिलटेस)’, ‘रियाज़ अल-अद्विया (उर्दू ट्रांसलेशन)’, ‘अद्विया काबिदिया: क़दीम-व-जदीद तहक़ीक़ात की रौशनी में’और ‘नेशनल फ़ॉर्मूलारी ऑफ़ यूनानी मेडिसिन, वोलुम IV’, सेकंड एडिशन का विमोचन किया गया।

माननीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा ‘सिंगल यूनानी ड्रग्स’, ‘यूनानी ट्रीटमेंट गाईडलाइंस फॉर कॉमन डिजीज’ और ‘नो योर टेम्परामेंट’ पर ऐप लॉन्च करने की यूनानी और अन्य हितधारकों ने बहुत सराहना की क्योंकि के.यू.चि.अ.प., आयुष मंत्रालय की ओर से यह यूनानी चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी तरह की पहली पहल थी।