कांग्रेस में नई जान फूंकने केलिए प्रशांत किशोर का प्रस्ताव? राहुल- सोनिया अध्यक्ष कि कुर्सी से दूर रहें
खबरों की माने तो प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए 5 रणनीतिक कदम उठाने का प्रस्ताव दिया था। जिसमें पहला नेतृत्व के मुद्दे को हल करना अहम है। पीके चाहते हैं कि 2024 से पहले कांग्रेस में आलाकमान को लेकर मामला दुरुस्त हो।
2014 के बाद से कांग्रेस के खराब प्रदर्शन का दौर लगातार जारी है। ऐसे में 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने के लिए चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने की खबरें हैं। खबर है कि अगले लोकसभा चुनाव के लिए प्रशांत किशोर कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन का काम देखेंगे। इसके लिए प्रशांत किशोर सोनिया गांधी समेत पार्टी के बड़े नेताओं संग मीटिंग भी कर चुके हैं।

आज होगी मुलाकात: बता दें कि गुरुवार को न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि पीके और गांधी परिवार के बीच 22 अप्रैल को एक बैठक होगी। इससे पहले पीके ने 600 स्लाइड की प्रस्तुति दी है। हालांकि पार्टी के किसी नेता ने पूरा प्रजेंटेशन नहीं देखा।
गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष: पिछले साल प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए एक प्रजेंटेशन में प्रस्ताव दिया था कि पार्टी का अध्यक्ष गांधी परिवार से बाहर से बनाया जाये। ऐसा करने से पार्टी के प्रदर्शन में प्रभावकारी होगा। गौरतलब है कि गुरुवार को सोशल मीडिया पर 86 पेज के एक प्रजेंटेशन के वायरल होने पर द इंडियन एक्सप्रेस को प्रशांत किशोर ने बताया कि यह “एक पुरानी बात है, हाल की चर्चा से इसका कोई लेना-देना नहीं है।” वहीं कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पार्टी के एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “हमने इस तरह की कोई प्रजेंटेशन नहीं देखी है।” एक अन्य नेता ने कहा, “यह या तो पुराना हो सकता है या झूठा है।” कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पिछले साल प्रशांत किशोर ने एक प्रजेंटेशन दिया था। हालांकि, कई कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किशोर ने निजी बातचीत में प्रस्ताव दिया कि कांग्रेस अध्यक्ष किसी गैर-गांधी परिवार से बनाया जाए और राहुल गांधी लोकसभा में पार्टी के नेता हों।
इनपुट: जनसत्ता
