एस.एम. खान फाउंडेशन के ट्रस्टी शहरयार खान ने डॉ. फारूक अब्दुल्ला से की मुलाकात।
श्रीनगर/नई दिल्ली : एस.एम. खान फाउंडेशन के ट्रस्टी शहरयार खान ने हाल ही में श्रीनगर स्थित आवास पर डॉ. फारूक अब्दुल्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शहरयार खान ने अपने स्वर्गीय पिता, श्री एस.एम. खान द्वारा लिखित पुस्तक ‘पीपुल्स प्रेसिडेंट डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम’ डॉ. अब्दुल्ला को भेंट की। यह पुस्तक भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. कलाम के जीवन, दृष्टिकोण और उनके प्रेरणादायक सफर पर आधारित है।
इस मुलाकात के दौरान शहरयार खान ने अपने स्वर्गीय पिता और डॉ. फारूक अब्दुल्ला के बीच दशकों पुराने मधुर संबंधों और आपसी सम्मान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता, जो डॉ. कलाम के प्रेस सचिव और प्रकाशन विभाग में निदेशक रहे, ने राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
इस बातचीत के दौरान जम्मु एंड कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने देश की एकता, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मुस्लिम समुदाय का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर देश की प्रगति, समृद्धि और महानता के लिए सकारात्मक योगदान दें। साथ ही, उन्होंने आपसी सद्भाव, समावेशिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की अपील की।
