दिल्ली मुख्यमंत्री केजरीवाल और पुलिस आयुक्त ने भी किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर केजरीवाल का ऐलान, 27 सितंबर से दिल्ली के स्कूलों में पढ़ाया जाएगा 'देशभक्ति का पाठ'


देशभर में आजादी की 75वीं वर्षगांठ को लेकर धूम है। लाल किले की प्राचीर से लेकर हर गली-मोहल्ले में तिरंगा झंडा लहराता हुआ नजर आ रहा है। राजधानी में भी हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रविवार सुबह दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने ध्वजारोहण किया। 

वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुबह सवेरे ट्वीट करके लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि स्वतंत्रता दिवस की इस सुबह आइए अपने उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के बलिदान और त्याग को याद करें जिनकी बदौलत देश को आजादी मिली। सभी देशवासियों को आजादी की ये 75वीं सालगिरह मुबारक हो।
इस दौरान केजरीवाल ने महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि के रूप में 27 सितंबर से दिल्ली सरकार के स्कूलों में ‘देशभक्ति पाठ्यक्रम’ शुरू किए जाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसका मकसद प्रत्येक बच्चे में गर्व करने की भावना भरना और उन्हें राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व देने के लिए तैयार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा पाठ्यक्रम फिजिक्स, केमिस्ट्री पढ़ाता है, लेकिन देशभक्ति नहीं। यह ‘देशभक्ति पाठ्यक्रम’ हमारे बच्चों में देशभक्ति का भाव जगाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अब 70 पदकों के लिए तैयारी करने की जरूरत है। हम 2047 के बाद ओलंपिक की मेजबानी के लिए अपना पक्ष रखने की तैयारी करेंगे, हमें दिल्ली को उस स्तर तक ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया है, जो न सिर्फ दिल्लीवालों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए है। हम हर किसी से यहां आने और सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान करते हैं।

उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में भी सैनिक स्कूल होगा और विद्यार्थियों को सशस्त्र बलों में जाने की तैयारी के लिए दिल्ली सशस्त्र बल प्रशिक्षण अकादमी खोलने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। साथ ही केजरीवाल ने यह भी ऐलान किया कि योग को जन आंदोलन बनाने के लिए, हम दिल्ली के पार्कों और कॉलोनियों में 2 अक्टूबर से योग की कक्षाएं शुरू करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली ने पूरी दुनिया को योग दिया लेकिन अब यह खत्म होता जा रहा है। हर साल 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह से इतर योग को लेकर कुछ खास नहीं हो रहा है। हम योग कक्षाएं शुरू करेंगे और योग शिक्षकों और प्रशिक्षकों की एक बड़ी टीम तैयार करेंगे। योग सीखने के इच्छुक 30-40 लोगों का एक समूह हमसे संपर्क कर सकता है और उन्हें योग प्रशिक्षक मुहैया कराएंगे।