भारत बना लॉर्ड्स का बादशाह, सिराज के 2 विकेट्स ने मैच का बदला पासा

भारत (Indian Cricket Team) ने इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट (IND vs ENG 2nd Test) मैच में हरा दिया है. लॉर्ड्स टेस्ट (Lords Test) के आखिरी दिन गेंदबाजों के दम पर टीम इंडिया ने अंग्रेजों को 151 रन से हरा दिया.


इंग्लैंड:भारतीय तेज गेंदबाजों ने पहले बल्ले से कमाल दिखा कर इंग्लैंड पर दबाव बनाया, फिर अपनी धारदार गेंदबाजी से उसके बल्लेबाजों को पैवेलियन भेज लार्ड्स टेस्ट मैच 151 रन से जीत लिया. सोमवार को इसके साथ ही भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली. भारत ने मैच के आखिरी दिन इंग्लैंड के सामने 60 ओवर में 272 रन का लक्ष्य रखा, लेकिन मोहम्मद सिराज (32 रन देकर चार), जसप्रीत बुमराह (33 रन देकर तीन), इशांत शर्मा (13 रन देकर दो) और मोहम्मद शमी (13 रन देकर एक) ने इंग्लिश टीम को 52वें ओवर में ही 120 रन पर ढेर कर दिया.

इंग्लैंड के केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे, जिनमें रूट (60 गेंदों पर 33) और जोस बटलर (96 गेंदों पर 25 रन) भी शामिल हैं. भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरू से ही इंग्लैंड पर दबाव बना दिया था. बुमराह और शमी ने अपने बल्लेबाजी कौशल का बेहतरीन नमूना पेश करने के बाद गेंद संभाली तथा पहले दो ओवरों में दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर भारत को शानदार शुरुआत दिलायी.
तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड की दूसरी पारी के विकेट आपस में बांटे

272 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की बल्लेबाजी भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने बिखर गयी. बुमराह ने शुरुआती झटके दिये, तो सिराज ने चार विकेट झटक कर इंग्लैंड की पारी का अंत कर दिया. दूसरी पारी के विकेट शमी, बुमराह, सिराज और इशांत शर्मा ने आपस में बांट लिये.