अफगानिस्तान संकट को लेकर अजित डोभाल ने अमेरिकी एनएसए से की बात
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अफगानिस्तान में रहने वाले भारतीय फिलहाल सुरक्षित हैं और 48 घंटे के भीतर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाया जाएगा।
अफगानिस्तान संकट को लेकर अजित डोभाल ने अमेरिकी एनएसए से की बात
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे बाद यहां भारी अफरातफरी का माहौल है। लोग देश छोड़ने की पुरजोर कोशिशों में हैं और हवाई अड्डे पर बेतहाशा भीड़ है। तालिबान के दावों और आश्वासन के बावजूद लोगों में खौफ है और इसी कारण वे देश छोड़ना चाहते हैं।

अजित डोभाल ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से की बात
अफगानिस्तान संकट को लेकर अजित डोभाल ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) से बात की है। इस दौरान उन्होंने भारतीय अधिकारियों को काबुल से सुरक्षित भारत लाने के मुद्दे पर चर्चा की थी।
भारतीय राजदूत और उनके कर्मचारी तुरंत भारत आएं: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय राजदूत और उनके कर्मचारी को तुरंत भारत आने का आदेश दिया है।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने पहली बार अफगानिस्तान संकट पर खुलकर बयान दिया है। उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी फौज का यहां से जाने का फैसला बिल्कुल सही था, अफगान सेना ने बिना लड़े ही हथियार डाल दिए।
120 से अधिक भारतीय अधिकारी काबुल से दिल्ली के लिए रवाना
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान ने काबुल से 120 से अधिक भारतीय अधिकारियों के साथ उड़ान भरी है। कर्मचारियों को बीती देर शाम एयरपोर्ट के सुरक्षित इलाकों में सुरक्षित पहुंचा दिया गया था।
अमेरिका देगा 500 मिलियन डॉलर की वित्तीय मदद
अफगानिस्तान में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए व्हाइट हाउस ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि पीड़ित शरणार्थी और प्रवासन की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से अमेरिकी आपातकालीन शरणार्थी और प्रवासन सहायता कोष से 500 मिलियन डॉलर की वित्तीय सहायता प्रदान करना राष्ट्रीय हित में महत्वपूर्ण है।
