UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 का नोटिस जारी, 861 पदों पर होगी भर्ती
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का नोटिस जारी कर दिया है. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. यूपीएससी ने इसी के साथ प्रारंभिक परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है. यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2022 का आयोजन जून में होगा.

UPSC CSE 2022 : सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रतियोगियों के लिए बड़ी खबर है. संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. यूपीएससी की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, कुल 861 वैकेंसी है. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 22 फरवरी को शाम छह बजे तक है. आवेदन यूपीएससी की वेबसाइट https://www.upsc.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना है. नोटिफिकेशन के अनुसार, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के जरिए आईएएस, आईएफएस और आईपीएस सहित कई अखिल भारतीय सेवाओं में अधिकारियों के पदों पर चयन किया जाएगा.
वहीं, भारतीय वन सेवा परीक्षा की मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स पास करना होगा. यानि कि दोनों परीक्षाओं का प्रीलिम्स कॉमन होगा.
यूपीएससी सिविल सेवा 2022 में वैकेंसी का डिटेल
सिविल सेवा- 861
इंडियन फॉरेस्ट सर्विस- 151
कब होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2022
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2022 का आयोजन 5 जून को किया जाएगा. इस परीक्षा में पास उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. वहीं, मेंस एग्जाम में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद चयनितों की लिस्ट जारी की जाएगी.
आवश्यक शैक्षिक योग्यता
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के लिए उम्मीदवारों के पास किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए.
आयु सीमा
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के लिए उम्मीदवारों की आयु कम से कम 21 साल और अधिकतम 32 साल होनी चाहिए. हालांकि, ओबीसी, एससी व एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.
Input:- News18Hindi
