दिल्ली में नाइट कर्फ्यू समेत कई अन्य पाबंदियां खत्म, पूरी क्षमता के साथ चलेगी दिल्ली मेट्रो
कोरोना के चलते लगी पाबंदियोें से सोमवार से दिल्ली पूरी तरह से आजाद हो गई। रात्रि कर्फ्यू से जहां आजादी मिली है तो इसके साथ ही दुकानाें को रात्रि आठ बजे तक बंद करने की पाबंदी भी नहीं रहेगी। मेट्रो भी पूरी क्षमता के साथ दौड़ रही है।

दिल्ली: कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आने के बाद देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार से कई तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली में जहां नाइट कर्फ्यू खत्म हो गया है तो दुकानें भी पूरे समय तक खुली रहेंगी। इसी तरह सोमवार सुबह से ही दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस और मेट्रो ट्रेन भी पाबंदी मुक्त होकर दौड़ रही हैं। इसके साथ दिल्ली मेट्रो में लोग अब खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं। मास्क को लेकर हो रहे 2000 रुपये के चालान भी सोमवार से घटकर 500 रुपये के हो जाएंगे।
रेस्तरां-बार खुलेंगे पूरी झमता के साथ
रेस्त्रां व बार के साथ होटल भी पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। यहां सभी सीटों पर ग्राहक और दर्शक बैठेंगे। पूर्व में सिर्फ 50 फीसद झमता के साथ रेस्तरां, बार और सिनेमा हाल को खोलने की इजाजत होगी।
शादी समारोह में शामिल हो सकेंगे अधिक मेहमान
सोमवार से ही शादी समारोह में भी मेहमानों की संख्या अब नहीं गिनी जाएगी। हालांकि, अगले 2 महीने तक शादी-समारोह जैसे शुभ कार्य नहीं होंगे, बावजूद इसके अन्य आयोजनकर्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
यह भी जानें
- काेचिंग सेंटर भी पूरी क्षमता से खुल जाएंगे।
- लोग बिना किसी प्रतिबंध के डर भय से बाहर निकल सकेंगे।
- केवल कोरोना दिशानिर्देशों के मद्देनजर मास्क, शारीरिक दूरी और सैनिटाइजर का पूरा ख्याल रखना होगा।
- अकेले होने पर लोग गाड़ी में बिना मास्क के भी चल सकेंगे।
- हर प्रकार के धार्मिक, सांस्कृतिक व राजनीतिक आयोजन हाे सकेंगे।
- ग्राहकों के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जा सकेगी।
गौरतलब है कि ओमिक्रोन वैरिएंट के कारण कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिसंबर के अंतिम सप्ताह में नए सिरे से प्रतिबंधों का सिलसिला शुरू हुआ था, जो संक्रमण दर बढ़ने के साथ रात्रि कर्फ्यू और सम-विषम आधार पर दुकानों को खोलने तक पहुंच गया था। इसी तरह सभी तरह के आयोजनों पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। रेस्त्रां से केवल पैकेटबंद खाना बेचने की छूट थी। सिनेमाहाल, बार व थियेटर को बंद करा दिया गया था।
input:dainikjagran
