राहुल गांधी के Instagram एकाउंट पर भी लटकी तलवार!

New Delhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्विटर (Twitter) एकाउंट को पिछले हफ्ते लॉक किए जाने के बाद अब उनके इंस्टाग्राम (Instagram) प्रोफाइल पर भी ताला लगाए जाने के आसार हैं. दिल्ली की जिस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से राहुल गांधी की मुलाकात के दौरान ली गई जिन तस्वीरों को शेयर करने के मामले में ट्विटर पर राहुल का एकाउंट लॉक किया गया, वही तस्वीरें शेयर करने के आरोप में अब इंस्टाग्राम एकाउंट पर भी कार्रवाई की जा सकती है. इस बार भी नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (NCPCR) ने ही कांग्रेस नेता के एकाउंट पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है.

NCPCR ने आज शुक्रवार 13 अगस्त को फेसबुक को निर्देश दिए हैं कि वो राहुल गांधी की इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ कार्रवाई करे. NCPCR ने दिल्ली में 9 साल की दलित रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात की तस्वीरें अपलोड किए जाने को कानून के खिलाफ मानते हुए यह निर्देश दिए हैं. इससे पहले 4 अगस्त को आयोग ने इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को अपलोड किए जाने के मामले में राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था. जिसके बाद माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने राहुल गांधी के खाते को ब्लॉक कर दिया. इस बीच प्रियंका गांधी ने ट्विटर की ओर से राहुल गांधी के एकाउंट को लॉक करने के विरोध में ट्वीट किया है. उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि एक कंपनी अपने व्यापार के लिए इस देश की राजनैतिक प्रक्रिया में दखल दे रही है, भारत के करोड़ों लोगों की आवाज दबाने में सरकार की मदद कर रही है. इस बयान के साथ उन्होंने इस मामले में राहुल का वीडियो बयान भी लगाया है.