यूथ कांग्रेस HQ में लगायी पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी की प्रत‍िमा, राहुल गांधी ने क‍िया अनावरण

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती 'सद्भावना दिवस' पर भारतीय युवा कांग्रेस मुख्‍यालय में उनकी प्रत‍िमा लगाई गई है. मुख्‍यालय में लगाई प्रत‍िमा का अनावरण कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने क‍िया. साथ ही राजीव गांधी के जीवन पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन एवं अवलोकन किया.

नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती ‘सद्भावना दिवस’ के अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस मुख्‍यालय में राजीव गांधी की प्रत‍िमा लगाई गई है. मुख्‍यालय में लगाई प्रत‍िमा का अनावरण कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी क‍िया. साथ ही राजीव गांधी के जीवन पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन एवं अवलोकन किया.

इसके अलावा युवा कांग्रेस की ओर से सद्भावना पर रक्त दान शिविर, रंगोली प्रदर्शनी समेत अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए गये. युवा कांगेस का कहना है क‍ि राजीव गांधी आधुनिक भारत के वास्तुकार थे, जिन्होंने भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया. उनकी दूरदर्शिता का फायदा देश आज भी उठा रहा है. उन ही की दूरदर्शिता ने ही भारत को मजबूत, आधुनिक राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा किया है.

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि राजीव गांधी को डिजिटल इंडिया का आर्किटेक्ट और सूचना तकनीक व दूरसंचार क्रांति का जनक कहा जाता है. उनकी पहल पर भारतीय दूरसंचार नेटवर्क की स्थापना हुई. उन्‍होंने कहा क‍ि राजीव गांधी का मानना था कि विज्ञान और तकनीक की मदद के बिना उद्योगों का विकास नहीं हो सकता. इस क्रम में उन्होंने देश में कंप्यूटर क्रांति लाने की दिशा में काम किया.

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी व एआईसीसी सह सचिव कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि राजीव गांधी के नेतृत्व में भारत ने विकास के आयाम को छुआ था. उन्होंने देश के हर वर्ग के उत्थान की तरफ ध्यान देकर उन्हें मजबूत करने का काम किया. राजीव गांधी ने शांति स्थापना के जरिए देश में विकास का मार्ग प्रशस्त किया.