महाराष्ट्र: कोरोना के मामले बढ़े तो जिम्मेदार कौन होगा? उप मुख्यमंत्री अजीत पवार

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कोरोना संकट का हवाला देते हुए भगवा दल को निशाने पर लिया।

अजित पवार, उप मुख्यमंत्री – File Photo : ANI

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने रविवार को कोरोना वायरस के संकट भरे समय में ‘जन आशीर्वाद यात्राओं’ के आयोजन के लिए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये रैलियां राज्य में कोरोना संकट को फिर से पैर पसारने का मौका देने का काम कर रही हैं और इसका अंजाम आने वाले दिनों में दिखेगा।

पवार ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार हमसे उचित मानक लागू करने के लिए (कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए) कह रही है और दूसरी ओर यह अपने चार नए मंत्रियों से (महाराष्ट्र से) रैलियां यात्राएं निकालने के लिए कह रही है। पवार ने कहा कि इन रैलियों में जमा हो रही भीड़ से स्पष्ट रूप से कोविड के प्रसार पर पड़ेगा।

उप मुख्यमंत्री पवार ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में हम इन रैलियों का असर उन स्थानों पर देखेंगे जहां-जहां इनका आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उन स्थानों पर ऐसा (कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि) होता है जहां पर इन रैलियों का आयोजन हुआ है, तो इसके लिए फिर जिम्मेदार कौन होगा?