शादी में नहीं मिली मनपसंद बाइक, तो घोड़ी से कूद दूल्हे ने उतार दिए अपने कपड़े
बताया जा रहा है कि बारात में आने के साथ दूल्हे ने बीयर पी ली थी. ऐसे में उसने कपड़े तक उतार दिए.
लखनऊ: बारात आ चुकी थी. दूल्हा घोड़ी पर था. उसके दोस्त नाच रहे थे. तभी दूल्हे का पारा चढ़ जाता है. वह गुस्से से आग बबूला हो जाता है. घोड़ी से कूदकर नीचे हंगामा करने लगता है. यहां तक कि अपने कपड़े तक उतार देता है. शादी करने से मना कर देता है. इतना सब वह अपना सिर्फ एक बुलेट के लिए करता है. आइए जानते हैं पूरा मामला..
अपाचे देखकर भड़का दूल्हा
मामला हाथरस जिले के अमरपुरघना का है. राष्ट्रीय अखबार में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र के लड़के का विवाह हाथरस की लड़की से तय हुआ. लड़का यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है. फिलहाल लखनऊ में उसकी पोस्टिंग है. ऐसे में 10 लाख रुपये में रिश्ता तय हुआ. दूल्हे ने स्पेशली बुलेट की मांग की.
जब दूल्हा बारात लेकर पहुंचा, तो देखा कि बुलेट की जगह अपाचे खड़ी है. ऐसे में उसका पारा हाई हो गया. वह वहीं हंगामा करने लगा. और शादी से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि बारात में आने के साथ दूल्हे ने बीयर पी ली थी. ऐसे में उसने कपड़े तक उतार दिए. हालांकि, बाद में लोगों ने उसे किसी तरीके से पजामा और टी-शर्ट पहनाया.
पुलिस तक पहुंचा मामला
हंगामे के बाद दुल्हन पक्ष के लोग हैरत में पड़ गए. लेकिन दूल्हा इस बात पर टिका रहा कि जब तक बुलेट बाइक नहीं मिलेगी, तब वह शादी नहीं करेगा. ऐसे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस ने दूल्हा, भाई, जीजा, चाचा के अलावा दुल्हन के पिता को हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष फिलहाल आपस में समझौता कर रहे हैं. अगर लड़की की तरफ से तहरीर दी जाती है, तो मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
