आम लोगों के लिए खुला राष्ट्रपति भवन का मुगल गार्डन.

राष्ट्रपति भवन में स्थित मुगल गार्डन जनता के लिए 12 फरवरी से खोल दिया गया है। कोरोना के कारण इसे बंद किया गया था। पिछले साल की तरह इस बार भी इसमें एंट्री के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करवाना होगा। गार्डन को 16 मार्च तक खोला गया है।
गार्डन में लोगों को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रवेश मिलेगा। घूमने के लिए एक घंटे का समय दिया जा रहा है। इसके अलावा एक बार में 100 लोग ही अंदर जा पाएंगे। पूरे दिन में करीब 700 लोगों को ही गार्डन में एंट्री मिलेगी। सोमवार को गार्डन बंद रहेगा।
इस साल भी मुगल गार्डन में 10 साल से छोटे बच्चों और 65 साल से अधिक उम्र के लोगों को एंट्री नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने कोरोना के चलते यह फैसला लिया है। इसके अलावा यहां आने वाले लोगों को कोरोना गाइडलाइंस का पालन करना जरूरी होगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अक्सर अपनी पत्नी के साथ मुगल गार्डन में आते हैं। शनिवार को भी दोनों ने रंग बिरंगे फूलों का दीदार किया।
देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने इस गार्डन को आम लोगों के लिए खुलवाया था, तब से आज तक हर साल बसंत ऋतु में इस गार्डन को जनता के लिए खोला जाता है
आपको मुगल गार्डन में अगल-अगल तरह के फूल देखने को मिलेंगे। इसमें ट्यूलिप, मोगरा-मोतिया, रजनी गंधा, बेला, रात की रानी, जूही, चंपा-चमेली सहित विभिन्न प्रकार के फूल शामिल हैं।
इसमें एक रोज गार्डन भी है, जो लोगों को आकर्षित करता है। इसमें गुलाब की करीब 135 वैरायटी मौजूद हैं।
गार्डन के अंदर जहां एक ओर फूल दिखेंगे, वहीं दूसरी ओर कलरफुल फव्वारे भी आपका मन मोह लेंगे
गार्डन में आप मोबाइल फोन लेकर जा सकते हैं। इसके अलावा पानी की बोतल, हैंडबैग, हथियार, कैमरा, छाता, खाने का सामान, रेडियो जैसी चीजें अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है।
Input: Dainik Bhaskar
