मिनिस्ट्री ने 6 YouTube चैनलों पर लगाया प्रतिबंध

यूट्यूब चैनलों को लेकर पीआईबी की फैक्ट चेक टीम ने फेक न्यूज से कमाई करने वाले 6 चैनलों के 100 से ज्यादा वीडियो का फैक्ट चेक किया जिसमें मिला कि सभी वीडियो में दिखाई गई खबरें झूठी हैं।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने झूठी खबरें प्रसारित करने को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि केंद्र सरकार ने 6 यू-ट्यूब चैनलों को बैन कर दिया है। जिन चैनल्स पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनपर झूठ फैलाने का आरोप है। सरकार का कहना है कि इन चैनलों के लगभग 20 लाख सब्सक्राइबर थे और उनके वीडियो पर 51 करोड़ से व्यूज थे।

पीआईबी ने किया था फर्जी खबरों का पर्दाफाश:

वहीं पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने भी बैन किए गए यू-ट्यूब चैनलों को लेकर फर्जी खबरों का पर्दाफाश किया था। इसके बाद भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इन्हें बैन करने का कदम उठाया है।

किन चैनलों पर लगा प्रतिबंध:

केंद्र सरकार की तरफ से जिन चैनलों पर प्रतिबंध लगाया गया है उनमें नेशन टीवी, संवाद, सरोकार भारत, नेशन 24, स्वर्णिम भारत, संवाद समाचार शामिल है। वहीं इन चैनलों की सब्सक्राइबर की बात करें तो नेशन टीवी के 5.57 लाख, संवाद टीवी के 10.9 लाख, संवाद समाचार के 3.48 लाख, सरोकार भारत के 21.1 हजार, नेशन 24 के 25.4 हजार, स्वर्णिम भारत के 6.07 हजार सब्सक्राइबर थे।

वहीं संवाद टीवी को लेकर पीआईबी फैक्ट चेक का कहना है कि इस यू-ट्यूब चैनल पर भारत सरकार और केंद्र सरकार के मंत्रियों के खिलाफ झूठी खबरें फैलाई जा रही थी।