एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए चाचा भतीजे की सरकार ने हिंदू त्योहारों की छुट्टियां कम की : अश्विनी चौबे
नई दिल्ली (आरएनएस): केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा हिंदू त्योहारों की छुट्टियां कम कऱना ओछी मानसिकता का परिचायक है। अश्वनी चौबे ने कहा कि चाचा भतीजे की घमंडिया गठबंधन की सरकार ने बिहार में हिंदू तीज त्योहारो की छुट्टियों को रद्द कर ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए चाचा भतीजे की सरकार ने इस तरह का कदम उठाया है। अश्वनी चौबे ने कहा कि यह सब कुर्सी कुमार के इशारे पर हुआ है, लेकिन कोई उनसे पूछेगा तो उनका रटा रटाया जवाब होगा…पता नहीं, पता करवाता हूं। ऐसी हिंदू विरोधी सरकार को बिहार की जनता लानत भेजती है। अश्विनी चौबे ने कहा कि पहले से ही सभी छुट्टियां तय होती हैं। क्या आपात स्थिति आ गई थी कि छुट्टियों को कम किया गया ? बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यरत है। सभी व्रत में उन्हें उपवास एवं निर्जला रहना पड़ता है। अश्वनी चौबे ने कहा कि इस तरह का तुगलकी फरमान जारी करना सरासर गलत है। चाचा भतीजे के घमंडियां गठबंधन की सरकार को माताओं एवं बहनों का श्राप लगेगा। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने इस साल की बची छुट्टियों में कटौती कर दी है। इस साल सितंबर से दिसंबर माह तक त्यौहारों को लेकर कुल 23 दिन स्कूलों में छुट्टियां रहती, लेकिन सरकार ने इन छुट्टियों को घटाकर 11 दिन कर दिया है। यानी चार माह के बीच त्योहारों पर बिहार में केवल 11 दिन ही स्कूल बंद रहेंगे। इसको लेकर शिक्षा विभाग की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।दरअसल बिहार के सरकारी स्कूलों में छुट्टियों में कटौती की गयी हैं। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के के पाठक के निर्देश के बाद माध्यमिक शिक्षा कार्यालय की ओर से स्कूलों की छुट्टियों में बदलाव किया गया है। इस साल सितंबर से दिसंबर माह तक त्यौहारों पर छुट्टियां 23 से घटाकर 11 कर दी गयी है। नये आदेश के अनुसार, 30 अगस्त को स्कूलों में रक्षाबंधन की छुट्टी नहीं होगी। इसके अलावा दिवाली से लेकर छठ पूजा तक (13 नवंबर से 21 नवंबर तक) स्कूलों में 9 दिनों की छुट्टी थी। जिसे घटाकर 4 दिन कर दिया गया है. सरकारी स्कूलों में अब दिवाली की छुट्टी 12 नवंबर को होगी। 15 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा की छुट्टी होगी. वहीं आस्था और उल्लास का महापर्व यानी छठ में 19 और 20 नवंबर को छुट्टी होगी।
