संगम विहार में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मिल्ली कौंसिल के कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण।

ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल दिल्ली स्टेट के जनरल सेक्रेटरी रईसुद्दीन ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया।

नई दिल्ली। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर संगम विहार, देवली स्थित ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल दिल्ली स्टेट के कार्यालय में बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस गरिमामयी समारोह में ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल दिल्ली स्टेट के जनरल सेक्रेटरी रईसुद्दीन ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर तिरंगे को सलामी देने के लिए क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को सलामी दी और पूरे माहौल को देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रईसुद्दीन ने भारत को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने अपने भावपूर्ण संबोधन में कहा कि आज हम सभी जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं और अपने विचारों को निडर होकर व्यक्त कर पा रहे हैं, यह सब हमारे महान पुरखों के त्याग, बलिदान और समर्पण का ही परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि आजादी का यह दिन हमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लेने की याद दिलाता है। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने सम्मानपूर्वक भाग लिया और देश के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराई।