डोमेस्टिक रूटों पर सफर करना 13 फीसदी तक हो गया महंगा
नई दिल्ली : केंद्र की मोदी सरकार ने घरेलू उड़ानों से हवाई सफर करने वाले देश के लाखों यात्रियों को जोर का झटका दिया है. सरकार ने घरेलू उड़ानों के किराए में बेहतहाशा बढ़ोतरी की गई है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश के अनुसार, हवाई किराए की निचली और ऊपरी सीमा में 9.83 से 12.82 फीसदी तक इजाफा किया गया है. इससे पहले, कोरोना की वजह से लगे दो महीने के लॉकडाउन के बाद पांच मई, 2020 को विमान सेवाओं के बहाल होने के साथ सरकार ने उड़ान अवधि के आधार पर हवाई किराये पर निचली और ऊपरी सीमाएं लगाई थी.

क्यों की गई बढ़ोतरी
कोरोना से संबंधित यात्रा प्रतिबंधों के कारण आर्थिक रूप से संघर्ष कर रही एयरलाइनों की मदद के लिए निचली सीमा लगाई गई थी. वहीं,ऊपरी सीमा इसलिए लगाई गई थी, ताकि सीटों की मांग अधिक होने पर यात्रियों से भारी शुल्क न लिया जाए. मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि देश में कोरोना की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है.
