मोदी सिर्फ़ उद्योगपतियों के लिए काम कर रहे हैं: कमलनाथ

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा एक भी ऐसा नाम नहीं बता सकती जिसने आजादी के आंदोलन में भाग लिया हो, और आज ऐसी पार्टी हमें राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाती है।

एम एस हसन, वरिष्ठ पत्रकार
भोपाल: कांग्रेस पार्टी की अगस्त क्रांति यात्रा के गरिमामय समापन समारोह को संबोधित करते हुए आज मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा एक भी ऐसा नाम नहीं बता सकती जिसने आजादी के आंदोलन में भाग लिया हो, और आज ऐसी पार्टी हमें राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाती है।
कमल नाथ ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी एक ऐसे व्यक्ति का नाम लेकर बताए जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी हो। उन्हों ने कहा कि ये एक भी व्यक्ति का नाम नहीं ले पाएंगे। कमल नाथ ने कहा कि हमारा देश विभिन्न जाति, धर्म, रीति-रिवाजों और भाषाओँ के बावजूद भी एकता के सूत्र में बंधा है। उन्हों ने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। विभाजन की राजनीति हो रही है।


उन्हों ने कहा कि अगस्त क्रांति यात्रा का उद्देश्य देश की संस्कृति को जोड़ने की रही है । लेकिन बीजेपी अपनी विभाजनकारी नीतियों से देश की संस्कृति को तोड़ने पर तुली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक नूरी खान के नेतृत्व में अगस्त क्रांति यात्रा महकाल की नगरी उज्जैन से चल कांग्रेस मुख्यालय भोपाल पहुँचने पर भव्य समापन के दौरान एक सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नूरी खान की अगस्त क्रांति यात्रा से पूरे प्रदेश भर में एक अच्छा संदेश गया है। उन्हों ने कहा 1942 में महात्मा गाँधी ने इसी यात्रा से हमें एकता का सन्देश दिया था।
उन्हो ने कहा कि आजादी के बाद देश को पटरी पर लाकर खड़ा करने वाले हमारे देश के महान नेताओं, जिनकी कुबार्नी का इतिहास पूरे विश्व में स्वर्ण अक्षरों में लिखा है, जिन्होंने देश को कई बड़ी-बड़ी सौगातें दी, चाहे वह रेलवे हो, इंडस्ट्रीज हो, टेलीफोन सेवाएं हो, बीएचईएल हो, हमारे नेताओं ने इन सबको संजो कर रखा था लेकिन आज सत्ता में बैठे लोगों द्वारा देश की संपत्ति को बेचने का काम किया जा रहा है, इतना ही नहीं संविधान के साथ छेड़छाड़ कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
कमलनाथ ने प्रधान मंत्री से सीधा सवाल किया कि “मोदी जी बतायें यदि उपक्रम घाटे में हैं तो उद्योगपति उसे खरीद क्यों रहे हैं? और यदि फायदे में हैं तो सरकार उसे बेंच क्यों रही है”। उन्हों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया कि “यदि शिवराज किसान के बेटे हैं तो वे बताएं की उन्होंने मेरी सरकार के समय दी जारही किसानों की कर्जमाफी क्यों रोकी”
आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती है नौजवानों को रोजगार की, आज नई पीढ़ी में एक तड़प है, वह हाथ में काम चाहता है। जो लोग आज देश और प्रदेश में सत्ता पर काबिज हैं वे हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की बातें करते हैं, लेकिन ये लोग रोजगार की बात नहीं करेंगे, युवाओं की बात नहीं करेंगे, महिला पर अत्याचार को रोकने की बात नहीं करेंगे, किसानों की बात नहीं करेंगे। केवल मुद्दों से ध्यान भटकाने की बात करेंगे।
कमल नाथ ने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि जब पेट्रोल डीजल के दाम दो सौ रुपए को पार कर जाएंगे, तब भी भाजपा यही कहेगी महंगाई तो है ही नहीं।
कांग्रेस नेता नूरी खान की अगुवाई वाली इस यात्रा की शुरुआत 15 अगस्त को उज्जैन से हुई थी।

नूरी ने पदयात्रा के माध्यम से प्रदेश के समूचे कांग्रेसजनों से आव्हान किया कि सत्ता में बैठी भाजपा सरकार के विरूद्ध गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज करायें, भाजपा के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद करें और भाजपा की असफलता, जनविरोधी नीतियों को उजागर कर जनता तक पहुंचायें।
सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि आज के इस दौर में युवा जोश के साथ नुरी खान ने उज्जैन से भोपाल तक अगस्त क्रांति पदयात्रा कर इतिहास रचा है। देश में महंगाई बढ़ रहीं, अत्याचार बढ़ रहे हैं, फिर भी भाजपा सरकार सोई हुई है
समापन अवसर पर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति, पूर्व मंत्रीगण सज्जन सिंह वर्मा, पी.सी. शर्मा, नूरी खान के पति असम के विधयक एवं पूर्व मंत्री रकीब उद्दीन, विधायक कुणाल चैधरी, महामंत्री राजीव सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष डा. अर्चना जायसवाल, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सैय्यद साजिद अली, मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा, मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, के.के. मिश्रा, महिला कांग्रेस प्रभारी श्रीमती विभा पटेल, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, अरूण श्रीवास्तव, प्रवक्तागण जे.पी. धनोपिया, रवि सक्सेना आदि मंचासीन थे।