लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में 8 से अधिक सिक्योरिटी गार्डों ने रेजिडेंट के साथ मारपीट की। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में सिक्योरिटी इंचार्ज समेत आठ से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत लिया गया है।
सोसाइटी गार्ड्स रेजिडेंट्स पर हमला करते हुए देखे जा सकते हैं
नोएडा: सेक्टर-39 कोतवाली एरिया के लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में मामूली कहासुनी के चलते सिक्योरिटी गार्डों ने रेजिडेंट के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने सिक्योरिटी इंचार्ज समेत आठ से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। बाद में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में सुरेश कुमार 17वीं मंजिल पर रहते हैं। सुरेश कुमार ने फ्लैट की चॉबी किसी कार्य की वजह से गेट पर स्थित गार्ड रूम में दी थी। सुरेश कुमार ने बताया कि फ्लैट में काम करने आए व्यक्ति को सिक्योरिटी गार्ड ने चॉबी नहीं दी। बुधवार को फ्लैट मालिक सुरेश कुमार सिक्योरिटी गार्डों से बात करने के लिए पहुंचे थे। जिसको लेकर सिक्योरिटी गार्ड और उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद 6 से अधिक गार्डों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।