यूपी चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, देखे किसे कहां से मिला टिकट
दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 150 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को आम आदमी पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर 150 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में राज्य विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
पहली बार उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने पहली सूची में अन्य पिछड़ा वर्ग के सबसे ज्यादा 55 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी की ओर से जारी की गई लिस्ट के मुताबिक, लखनऊ मध्य से नदीम अशरफ जायसी, लखनऊ पूरब से आलोक सिंह, लखनऊ उत्तर विधानसभा से अमित श्रीवास्तव त्यागी, लखनऊ पश्चिम विधानसभा से राजीव बक्शी, मोहनलालगंज से सूरज कुमार और सरोजनीनगर से रोहित श्रीवास्तव को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
संजय सिंह ने यहां कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बाकी उम्मीदवारों का ऐलान भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपनी पहली सूची में अलग-अलग समुदायों को समुचित हिस्सेदारी दी है। उन्होंने बताया कि इनमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 55 उम्मीदवार, 36 ब्राह्मण, अनुसूचित जाति के 31, 14 मुस्लिम, छह कायस्थ तथा सात व्यापारी वर्ग के प्रत्याशी शामिल हैं। सांसद संजय सिंह ने बताया कि जातीय समीकरण का भी पूरा ध्यान रखा गया है, आप ने चुनाव मैदान में अच्छे और सुयोग्य उम्मीदवारों को उतारा है।
संजय सिंह ने कहा, ‘‘पहली सूची में एमबीए की शिक्षा प्राप्त कर चुके आठ उम्मीदवार हैं। इसके अलावा 38 परास्नातक, चार डॉक्टर, आठ पीएचडी, सात इंजीनियर तथा 39 स्नातक की योग्यता रखते हैं। पहली सूची में आठ महिलाओं को टिकट दिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की नई राजनीति के आगाज के मकसद से गंदी सियासत पर झाडू चलाने के लिए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सिंह ने कहा कि अब यह उत्तर प्रदेश की जनता के ऊपर है कि वह ऐसे योग्य उम्मीदवारों को चुनकर विधानसभा भेजे और उत्तर प्रदेश से राजनीति की गंदगी का सफाया करे।

