दिल्ली में फिर बदला मौसम, जानिए IMD की ताजा रिपोर्ट
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने शनिवार रात तक बारिश की संभावना जताई है। दिन में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली झोंकेदार हवाओं के चलने के आसार हैं।

दिल्ली: शुक्रवार देर रात हुई बारिश के बाद शनिवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहाना हो गया है। हवाओं के चलते ठंड का एहसास अन्य दिनों की तुलना में अधिक है, लेकिन धूप खिलने से इसका असर दिन में कम हो जाएगा। हालांकि, शनिवार देर तक बारिश होने के आसार हैं, इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार की तरह ही शनिवार को भी दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शनिवार सुबह से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली झोंकेदार हवा दिनभर चलेगी, इस दौरान बीच में हल्की बारिश भी होगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम विभाग की ओर से शनिवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। रविवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। कुलमिलाकर शनिवार सुबह से लेकर रात तक बारिश हो सकती है।
इससे पहले शुक्रवार सुबह धूप खिली रही, लेकिन बीच-बीच में बादल भी छाते रहे। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार शाम दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बादल भी गरजे और हल्की बारिश हुई। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बादल गरजे और हल्की बारिश हुई। दक्षिणी और पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में देर रात तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई जगह बिजली भी चमकी।हालांकि इससे ठंडक में कोई खास इजाफा नहीं हुआ। शुक्रवार को दिन भर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 44 से 95 प्रतिशत दर्ज हुआ। बारिश शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 1.6 मिमी और पालम में 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस नजफगढ़ में और सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस पीतमपुरा में रिकार्ड किया गया।
input:dainikjagran
