शाहबाज शरीफ आज चुने जाएंगे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री, शाह महमूद कुरैशी ने भी किया है नामांकन
शाहबाज शरीफ का आज देश के 23वें प्रधानमंत्री के तौर पर चुना जाना तय है। हालांकि इससे पाकिस्तान में जारी सियासी उठापटक कम नहीं होने वाली है। इमरान खान ने पीएम पद से हटने के बाद लोगों से नई सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने का आह्वान किया है।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में जारी सियासी बवाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। वहां पर सोमवार को पीएमएल-एन अध्यक्ष शाहबाज शरीफ को देश के 23वें प्रधानमंत्री के तौर पर चुना जाना लगभग तय है। जल्द ही इसकी घोषणा भी कर दी जाएगी। एक बार आधिकारिक तौर पर चुने जाने के बाद उनका शपथ ग्रहण समारोह होगा। बताया जा रहा है कि उनके मंत्रिमंडल में कई पार्टियों का प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा। इस बीच अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पीएम की कुर्सी से हटाए गए इमरान खान बुरी तरह से बौखलाए हुए हैं। पाकिस्तान के अखबार डान के मुताबिक रविवार को शाहबाज शरीफ और पीएमएल-एन के नेता और पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने भी पीएम पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कराया है।

उन्होंने पीटीआई समर्थकों से कहा है कि वो नई सरकार का सड़कों पर उतरकर विरोध करें। इमरान खान और उनकी पार्टी के नेता लगातार इस बात को कह रहे हैं कि उनकी सरकार को गिराने में विपक्ष को विदेशी ताकतों का पूरा समर्थन मिला है। रविवार की रात को भी पीटीआई समर्थकों ने इस्लामाबाद, कराची, पेशावर और लाहौर समेत देश के दूसरे शहरों में इमरान खान को सत्ता से हटाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इससे पहले शनिवार को भी नेशनल असेंबली के बाहर इसी तरह का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला था
input:dainikjagran
