छोटे से गांव कोचाधामन की बेटियां मारिया एवं सानिया ने नीट (यूजी) – 2023 परीक्षा में किया बेहतरीन प्रदर्शन।
मोहम्मद अजीमुद्दीन संवादाता।
किशनगंज: कोचाधामन की बेटियां मरिया एवं सानिया ने नीट (यूजी) – 2023 परीक्षा में किया बेहतरीन प्रदर्शन।
मशहूर कहावत है “होनवार बिरवा के चिकने – चिकने पात” यानि अगर आप होनहार हैं तो आप कहीं भी रहकर किसी भी स्तिथि में अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं |
इस कहावत हो किशनगंज ज़िले के कोचाधामन प्रखंड के छोटे से गांव मंसूरा की दो बहनों; मरिया मज़हर एवं सानिया मज़हर ने एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा के लिए आयोजित नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (यूजी) – 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन करके सच साबित कर दिया | नीट (यूजी) – 2023 परीक्षा में मास्टर अहसान मज़हर (उर्फ नियामत) और मास्टर मोहसिना बानो की बेटियां मरिया मज़हर को 720 में 637 अंक प्राप्त हुए हैं जबकि सानिया मज़हर को 720 में 577 अंक प्राप्त हुए हैं | सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से आने के बाद भी देश के प्रतिष्ठित प्रतियोगिता परीक्षा में मिली कामयाबी से ‘बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओ’ मुहीम को अधिक बल मिलता है |
परीक्षा के रिजल्ट को देखते ही समस्त परिवार, रिश्तेदारों एवं क्षेत्र में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है और बधाइयों का तांता लग गया | मरिया एवं सानिया के मामा मोहम्मद मुदस्सीर आलम (जन संपर्क पदाधिकारी, दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय, गया), डॉ. सरवर आलम (सहायक प्रोफेसर, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी), चाचा डॉ. मुन्तज़िम अहमद आदि ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं | इस उपलब्धि पर पिता अहसान मज़हर एवं माँ मोहसिना बानो ने अपनी बेटियों की काफी प्रशंसा करते हुए शुभचिंतकों की दुआओं के लिए आभार प्रकट किया है| ज्ञात हो कि किशनगंज ज़िला मुख्यालय स्तिथ बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद दोनों बहनों ने नीट (यूजी) प्रवेश परीक्षा के लिए पटना में रहमानी – 30 कोचिंग किया | दोनों ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता – पिता, अभिभावकों एवं शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है | मरिया व सानिया ने कहा कि वे डॉक्टर की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात अपने क्षेत्र के जरूरमंदों को उचित स्वास्थ्य सेवा देने का लक्ष्य रखती हैं |
