मुनव्वर फारूकी का बेंगलुरु शो हुआ कैंसिल तो कॉमेडियन की नाराजगी आई बाहर, कहा- नफरत जीत गई आर्टिस्ट हार गया- “मोदी है तो मुमकिन है”

मुख्य समाचार:रविवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में होने वाला स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी का शो कैंसिल हो गया। पुलिस ने शो के आयोजकों को पत्र लिखकर शो रद्द करने का आग्रह किया था। जिसके बाद शो को रद्द कर दिया गया। शो रद्द होने के बाद मुनव्वर फारुकी ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि नफरत जीत गई और आर्टिस्ट हार गया। साथ ही उन्होंने कहा कि बीते 2 महीने में 12 बार मेरे साथ ऐसा हुआ है।

दरअसल बेंगलुरु के अशोक नगर पुलिस थाने ने “डोंगरी टू नोवेयर” के आयोजकों से शो कैंसिल करने का आग्रह किया था। रविवार शाम को अशोक नगर के गुड शेफर्ड ऑडिटोरियम में मुनव्वर फारुकी का कार्यक्रम होना था। बेंगलुरु पुलिस ने लॉ एंड आर्डर का हवाला देते हुए शो रद्द करने का सुझाव दिया। पुलिस ने आयोजकों को लिखे पत्र में कहा कि हमें इसी बात की जानकारी मिली है कि शो के दौरान कई संगठन अराजकता पैदा कर सकते हैं। जिससे कानून व्यवस्था की समस्या हो सकती है।

पुलिस के सुझाव के बाद आयोजकों ने शो को रद्द कर दिया। शो रद्द होने के बाद कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी ने अपने ट्विटर अकाउंट से अपनी नाराजगी जाहिर की। मुनव्वर फारुकी ने ट्विटर पर अपना बयान जारी कर लिखा कि शो पर तोड़फोड़ की धमकी के कारण आज बैंगलोर शो कैंसिल हो गया। हमने 600 से ज्यादा टिकट बेचे थे। साथ ही उन्होंने लिखा कि मुझे उस जोके के लिए जेल में डाला गया जो मैंने किया ही नहीं था। मेरे शो को रद्द किया गया जिसमें कुछ भी गलत नहीं था। यह अन्याय है।

आगे उन्होंने लिखा कि इस शो को लोगों से भारी प्यार मिला है। यह अन्याय है। हमारे पास शो का सेंसर सर्टिफिकेट है। इसका मतलब है कि इस शो में कुछ भी गलत नहीं है। हमने पिछले दो महीनों में नुकसान की धमकी दिए जाने के कारण 12 शो रद्द किए हैं। अपने बयान को ट्वीट करते हुए उन्होंने यह भी लिखा कि नफरत जीत गई और आर्टिस्ट हार गया।