चुनाव में झूठे वादे करते हैं मोदी और योगी: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने सीएम योगी और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ”इनको तो कोई परवाह नहीं है कि जनता के सामने आते हैं तो सच्चाई बोलनी चाहिए।”

महोबा: उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने की कोशिश में जुटी कांग्रेस सत्ताधारी भाजपा पर हमलावर है। महोबा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र पर झूठे वादे करने और झूठे विज्ञापन देने का आरोप लगाया।
महोबा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ”पीएम मोदी जेवर गए थे एयरपोर्ट का शिलान्यास करने, भाजपा के सभी नेता सोशल मीडिया पर फोटो लगाने लगे, सब लोगों ने देखा कि फोटो बहुत बढ़िया है जेवर का एयरपोर्ट, लेकिन पता चला कि ये चाइना की फोटो है। जेवर में उद्घाटन होता है और चाइना के एयरपोर्ट की फोटो लगाते हैं, अपने विज्ञापनों में अमेरिका की फैक्ट्री की फोटो लगाते हैं, आंध्र प्रदेश के बांध की फोटो लगाते हैं। ”
