पतंग के साथ उड़ गया आदमी,जानिये क्या है हक़ीक़त

पतंगबाजी के शौक ने एक श्रीलंकाई की जान खतरे में डाल दी। वाकया 20 दिसंबर को जाफना में हुआ, जहां लोग पतंगबाजी कर रहे थे। एक बड़ी पतंग उड़ाने की कोशिश कर रहा व्यक्ति तेज हवा में पतंग के साथ ही करीब 40 फीट तक ऊपर उड़ गया।
ऊंचाई से गिरा, पर नहीं आई गंभीर चोट
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब वायरल हो चुका है। इसमें पतंग की डोर से लटका हुआ एक आदमी दिखाई दे रहा है, जिसका नाम नादरस मनोहरन है। मनोहरन लगातार हवा में ऊपर उठता जा रहा है। कुछ लोग उसके पीछे भागते हुए नजर आ रहे हैं। वो लटके हुए व्यक्ति से डोर छोड़ने को कह रहे हैं।
काफी देर तक मनोहरन डोर से लटका रहा और जब उसके हाथ थक गए तो उसने डोर छोड़ दी। जमीन पर गिरने के बाद मनोहरन कुछ देर तक तेज दर्द की वजह से वहीं पड़ा रहा। ताज्जुब की बात यह है कि कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ टहलता हुआ वहां से निकल गया। मनोहरन को पेंट पेड्रो के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
श्रीलंका में परंपरागत खेल है पतंगबाजी
जाफना में थाई पोंगल पर पतंगबाजी की तैयारियां चल रही हैं, जो कि जनवरी के महीने में होनी है। थाई पोंगल पर बड़ी तादाद में श्रीलंकाई अपने दोस्तों और परिवार के साथ पतंगबाजी का लुत्फ उठाते हैं। यह यहां का परंपरागत खेल है। अभी इसकी तैयारियां चल रही हैं। इसी दौरान मनोहरन के साथ यह हादसा हुआ।
