घाना की संसद में बहस के दौरान हुई मर-पीट,क्या था मामला?

पश्चिमी अफ्रीकी देश है घाना। यहां के सांसदों ने संसद में जमकर लात-घूंसे चलाए हैं। घाना की संसद में उस वक्त हंगामा शुरू हुआ जब इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन टैक्स पर बहस जारी थी। इसी बहस के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि सांसद एक दूसरे से लड़ने लगे।
क्यों शुरू हुई घाना संसद में लड़ाई?
हुआ ये कि संसद में इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन टैक्स पर बहस जारी थी। विपक्षी दल ने इसका विरोध किया तो सत्ताधारी पार्टी ने विरोध को अनसुना कर दिया। इसके बाद विपक्षी दलों ने नारेबाजी शुरू कर दी। फैसला न होते हुए देख संसद के डिप्टी स्पीकर जोसेफ ओसी-ओवसु ने सुझाव दिया कि मामले को मतदान के जरिए सुलझाया जाए लेकिन नतीजे टाई रहे। जिसके बाद मामला भड़क गया। कई सांसदों ने संसद में मारपीट की तो कइयों ने अपने साथी सांसदों को रोकने की कोशिश की।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया साइट्स पर वायरल है। इन वीडियोज में साफ देखा जा सकता है कि कई सांसद चैम्बर के पास पहुंच गए जहां मार्शल ने सांसदों को रोकने की कोशिश की। लेकिन भड़के सांसदों ने सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इसके बाद सत्ता और विपक्ष पक्ष के सांसदों के बीच जमकर लड़ाई हुई।
सत्ता और विपक्ष का क्या कहना है?
बिल का विरोध कर रहे लोगों का मानना है कि इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन टैक्स के लागू हो जाने से कम आय वर्ग के लोग असमान रूप से प्रभावित होंगे। वहीं सरकार का मानना है कि इससे सरकार को टैक्स का एक और जरिया मिलेगा जिससे विकास कार्य और तेज गति से हो सकेंगे। मामले को लेकर एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह टैक्स अगर उन लोगों पर लगाया जाता है जो मोबाइल मनी ट्रांसफर पर बहुत अधिक भरोसा करते हैं, तो समग्र आर्थिक गतिविधि कम हो जाएगी।
Ghana Parliament breaks out into fight over the passing of the controversial E levy Bill pic.twitter.com/XnEwa901EM
— #TV3GH (@tv3_ghana) December 21, 2021
