दिल्ली में जल्द खुलेंगे 5वीं तक के स्कूल, शिक्षकों के वेतन बढ़ाने पर भी होगा विचार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 17 दिसंबर को जानकारी दी थी कि कक्षा 6 और उससे ऊपर के स्कूलों को 18 दिसंबर से फिर से खोल दिया जाएगा जबकि कक्षा 5वीं तक के स्कूलों को 27 दिसंबर से खोलने का फैसला किया गया था. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के स्कूल बंद कर दिए गए थे.

दिल्ली: दिल्ली के 5वीं तक के स्कूल सोमवार, 27 दिसंबर से फिर से खुल सकते हैं. जिसके बाद एक बार फिर से छोटी क्लास के स्कूलों में पढ़ने के लिए बच्चे स्कूल पहुंचने लगेंगे. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 17 दिसंबर को जानकारी दी थी कि कक्षा 6 और उससे ऊपर के स्कूलों को 18 दिसंबर से फिर से खोल दिया जाएगा जबकि कक्षा 5वीं तक के स्कूलों को 27 दिसंबर से खोलने का फैसला किया गया था. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के स्कूल बंद कर दिए गए थे.
अतिथि शिक्षकों की सैलरी बढ़ाने का प्रस्ताव
दिल्ली सरकार ने शिक्षा निदेशालय को अपने स्कूलों में अतिथि शिक्षकों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव पर काम करने का निर्देश दिया है. एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है. दिल्ली अतिथि शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की और दिल्ली सरकार के स्कूलों में तैनात अतिथि शिक्षकों की ओर से एक ज्ञापन सौंपा. बयान में कहा गया है कि उन्होंने बैठक के दौरान स्कूलों में छात्रों के साथ अपने पठन-पाठन के अनुभव भी साझा किए.
केजरीवाल ने जताई खुशी
इसमें कहा गया है, ‘‘दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों के प्रति आभार के रूप में, केजरीवाल सरकार ने उनके वेतन में वृद्धि करने का आदेश दिया है. यह नए साल से पहले उनके लिये एक उपहार होगा और महामारी के दौरान उन्हें यह महत्वपूर्ण राहत प्रदान करने वाला होगा.’’ बयान के अनुसार महंगाई और जीवन यापन के खर्च में वृद्धि और कोविड-19 के कारण परिवारों के समक्ष उत्पन्न कठिनाई को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली सरकार ने शिक्षा विभाग को अतिथि और अनुबंध शिक्षकों के पारिश्रमिक में वृद्धि करने का निर्देश दिया है. केजरीवाल ने कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि सरकार ने अतिथि शिक्षकों के वेतन में वृद्धि की प्रक्रिया शुरू कर दी है.’’
