आज़ाद समाज पार्टी का चुनावी बम: 45 प्राभारियों का ऐलान, सिर्फ दलित-मुस्लिम-ओबीसी की फौज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 अभी लगभग एक साल दूर है, लेकिन आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी तैयारियों में तेजी दिखाते हुए पहली सूची जारी कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आज़ाद के निर्देश और प्रदेश कमेटी की संस्तुति पर पार्टी ने 45 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी नियुक्त किए हैं। यह कदम सपा, बसपा और कांग्रेस जैसे पारंपरिक दलों से आगे निकलने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

पहली लिस्ट में एक भी सवर्ण नहीं
* साफ संदेश बहुजन एकता पर जोर
* पांच सामान्य सीटों पर दलित उम्मीदवार
* 18 दलित, 16 ओबीसी और 10 मुस्लिम
* सपा-बसपा-कांग्रेस से आगे निकलने की कोशिश
* बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
* पूर्व मंत्री, आईपीएस और स्थानीय नेताओं का मिश्रण

पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, “माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष भीम आर्मी प्रमुख नगीना से लोकप्रिय सांसद भाई चन्द्र शेखर आज़ाद जी के निर्देश एवं प्रदेश कमेटी की संस्तुति पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत निम्नलिखित विधानसभा क्षेत्रों हेतु प्रभारियों की नियुक्ति की जाती है। नवनियुक्त सभी साथियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएँ। आप सभी से अपेक्षा है कि पूरी निष्ठा, समर्पण और मेहनत के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे तथा सामाजिक न्याय, संविधान और बहुजन हितों की आवाज़ को जन-जन तक पहुँचाएंगे।”

आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने पहली सूची में 45 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी घोषित किए हैं। इस सूची का विश्लेषण करने पर साफ पता चलता है कि पार्टी ने सामाजिक न्याय और बहुजन प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी है।
श्रेणीवार विश्लेषण:
मुस्लिम: 10
ओबीसी: 16
एससी (दलित): 18
सिख: 1
सामान्य वर्ग: 0
कुल 45 प्रभारियों में कोई भी सामान्य वर्ग का उम्मीदवार नहीं है। खास बात यह है की पांच सामान्य सीटों पर दलित प्रभारी बनाए गए हैं। दलित और ओबीसी को मिलाकर 34 नाम हैं, जो सूची का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा हैं। मुस्लिम प्रतिनिधित्व भी उल्लेखनीय है। यह आंकड़े पार्टी के उस दावे को बल देते हैं कि वह बहुजन समाज की आवाज़ को मजबूत करने पर फोकस कर रही है।

सूची का विश्लेषण बताता है कि आज़ाद समाज पार्टी ने जानबूझकर सामाजिक संतुलन बनाए रखा है। 18 एससी, 16 ओबीसी, 10 मुस्लिम और एक सिख प्रभारी शामिल हैं। सामान्य वर्ग का कोई नाम नहीं है। यह स्पष्ट संदेश है कि पार्टी बहुजन एजेंडे को प्राथमिकता दे रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी क्षेत्रों तक—शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, बरेली, सीतापुर, गोरखपुर, वाराणसी तक—प्रभारी फैलाए गए हैं। कई सुरक्षित सीटों पर भी दलित प्रभारी दिए गए हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि सपा और बसपा अभी तक संगठन स्तर पर इतनी तेज गतिविधि नहीं दिखा पाए हैं। कांग्रेस भी यूपी में कमजोर स्थिति में है। ऐसे में आज़ाद समाज पार्टी का यह कदम चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा लगता है। पार्टी बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और सामाजिक न्याय का संदेश पहुंचाने पर जोर दे रही है।

सूची में शामिल नामों में कई पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, आईपीएस अधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता हैं। यह मिश्रण अनुभव और नई ऊर्जा दोनों को दर्शाता है। पार्टी का दावा है कि वह यूपी विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर करने की कोशिश कर रही है।
आज़ाद समाज पार्टी की यह पहली सूची सिर्फ नामों की घोषणा नहीं, बल्कि चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का संकेत है। अब देखना यह होगा कि बाकी दल इस चुनौती का जवाब कैसे देते हैं और पार्टी बूथ स्तर पर कितनी मजबूती से उतर पाती है।