कोई स्मारक-मूर्ति नहीं लगाऊंगी:मायावती
बतौर मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में, मायावती ने कई पार्क,स्मारक,बनवाए थे। यहां तक कि उन्होंने खुद की मूर्ति भी लगवा दी थी।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती का कहना है कि अगर वे 2022 यूपी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाती हैं तो वे फिर न तो कोई स्मारक बनाएंगी और न ही कोई मूर्ति लगाएंगी। नेत्री ने कहा कि वे बस उत्तरप्रदेश की सूरत बदलेंगी। विदित हो कि बतौर मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में,मायावती ने कई पार्क,स्मारक,बनवाए थे। यहां तक कि उन्होंने खुद की मूर्ति भी लगवा दी थी। हालांकि मायावती का दावा था कि खर्च की आवश्यकता थी क्योंकि पिछली सरकारों ने दलित नेताओं के प्रति सम्मान नहीं दिखाया, जिनकी स्मृति में कभी कुछ भी नहीं बनाया गया था।
गौरतलब है कि सीएजी की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि स्मारकों के निर्माण पर 66 करोड़ रुपये मायावती सरकार ने खर्च किए थे। यहां तक कि फरवरी 2010 में मायावती की सरकार ने मूर्तियों की सुरक्षा के लिए एक विशेष पुलिस बल की योजना को भी मंजूरी दे दी थी।
बता दें कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रही हैं। वह बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। सबसे पहले कुछ समय के लिए वे साल 1995 में सीएम रहीं और फिर 1997 में मुख्यमंत्री बनीं। फिर 2002 से 2003 तक इस पद पररहीं और पहली बार 2007 से 2012 के बीच उन्होंने कार्यकाल पूरा किया।
