पाकिस्तान की जीत का स्टेट्स लगाना टीचर नफीसा को पड़ा भारी, स्कूल ने नौकरी से निकाला

बड़ी खबर:आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में 29 साल में पहली बार भारत को पाकिस्तान के खिलाफ हार मिली है, जिससे भारतीय टीम की आलोचना हो रही है। वहीं, कई जगहों से जश्न की खबरें भी सामने आईं। कश्मीर में आतिशबाजी हुई, पंजाब के एक कॉलेज में पाकिस्तान समर्थन में नारेबाजी की गई। अब एक ऐसा ही मामला राजस्थान के उदयपुर से सामने आया है। नीरजा मोदी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका नफीसा अटारी ने पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाया। हालांकि, उन्हें ऐसा करना काफी भारी पड़ गया। नफीसा अटारी पर कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है।

दरअसल, 25 अक्टूबर को नीरजा मोदी स्कूल उदयपुर की एक शिक्षिका नफीसा अटारी का व्हॉट्सऐप पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। इस पोस्ट में नफीसा अटारी ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें लिखा था, “जीत गए, हम जीत गए”। इस पोस्ट के लिए नफीसा की काफी आलोचना हुई। सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल किया कि अगर वह खुले तौर पर पाकिस्तान का समर्थन कर रही थी तो वह अपनी कक्षा में क्या पढ़ा रही होगी? हालांकि, सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद ही नफीसा को स्कूल से निकाल दिया गया।