मुजफ्फरपुर में पुलिस पर पथराव, शराब के केस में गिरफ्तारी पर लोगो का गुस्सा

मुजफ्फरपुर में शराब मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस का विरोध किया गया. इस दौरान सड़क जाम कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया. जिसके बाद पुलिस को भी हवाई फायरिंग करना पड़ा.

image source-prabhatkhabar

सकरा थाना क्षेत्र के साहदुल्लापुर गांव निवासी गोनउर राय के शराब के केस में गिरफ्तारी से आक्रोशित लोगों ने सात घंटे तक एनएच 28 स्थित भेरगरहा चौक को जाम कर दिया. टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. जाम समर्थकों ने पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. शाम करीब पांच बजे जाम हटाने गयी पुलिस पर जाम समर्थकों ने पथराव कर दिया. कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मी चोटिल हो गये. स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की. तब जाकर जाम समर्थक भागने लगे. उसके बाद जाम समाप्त हुआ.

घटना के संबंध में जाम समर्थकों ने बताया कि सात महीना पूर्व किसी खेत में दो बोतल शराब पुलिस ने पकड़ी थी. इस मामले में पुलिस ने गोनउर राय पर सकरा थाने में केस दर्ज किया है. केस की कोई जानकारी नहीं थी. गोनउर शराब का धंधा नहीं करता है. अचानक शनिवार की रात तीन गाड़ी से पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

रविवार की सुबह दर्जनों लोग जनप्रतिनिधि के साथ थाना पर पहुंचकर गोनउर को निर्दोष बता छोड़ देने के लिए कहा. पुलिस के इंकार करने पर आक्रोशित दर्जनों लोगों ने करीब 11 बजे भेरगरहा चौक पर एनएच को जाम कर दिया.

जाम की सूचना पर सकरा थानाध्यक्ष सरोज कुमार के नेतृत्व में मनियारी थाना, बरियारपुर ओपी, पीयर थाना, हत्था ओपी सहित कई थाना की पुलिस दर्जनों पुलिस बल के साथ जाम हटाने पहुंची. पुलिस पर जाम समर्थकों ने लाठी डंडा एवं रोड़ेबाजी कर हमला कर दिया.

इस दौरान महिलाओं ने भी छत पर चढ़कर पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी. थोड़ी देर के लिए पुलिस पीछे हट गयी. उसके बाद पुलिस ने पांच राउंड फायरिंग की. लाठीचार्ज किया. उसके बाद जाम समर्थक फरार हो गये. इसमें कई पुलिस कर्मी एवं जाम समर्थक चोटिल हो गये.

input:prabhatkhabar