प्रधानमन्त्री की मां का देहांत, दिग्गज नेताओं ने जताया शोक, प्रियंका बोलीं- ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का 100 साल की उम्र में शुक्रवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का निधन हो गया है। 100 वर्षीय हीराबेन (Heeraben) का अहमदाबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनकी तबीयत खराब होने पर हीराबेन को बुधवार (28 दिसंबर 2022) को यू एन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मां के निधन के बारे में खुद पीएम मोदी ने ट्वीट कर जानकारी दी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री की मां के निधन पर शोक जताया है।
प्रियंका गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।
मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें।” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
PM Modi ने खुद ट्वीट कर दी जानकारी
पीएम मोदी ने अपनी मां के निधन की जानकारी देते हुए शुक्रवार को ट्वीट किया, “शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।” इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा था, “मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।”
