किन्नर की मौत पर बवाल, फिर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पटना में एक किन्नर की मौत पर काफी बवाल मचा हुआ है. आक्रोश से भरे हुए किन्नरों ने आज राजधानी पटना में जमकर हंगामा किया. अपने साथी की मौत से नाराज किन्नरों ने राहगीरों को निशाना बनाया. किन्नरों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. दरअसल, कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ इलाके में सोनिया नामक एक किन्नर की लाश मिलने के बाद से किन्नर समाज में गुस्सा भरा हुआ है. वहीं सिटी एसपी ने बताया कि जिस सोनिया नामक किन्नर की संदेहास्पद मौत हुई है और किन्नर उसकी हत्या का आरोप लगा रहे हैं.

पटन: बिहार की राजधानी पटना की सड़क पर किन्नरों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया. दरअसल, ये किन्नर समाज अपने साथी की मौत से नाराज थे. कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ इलाके में सोनिया नामक एक किन्नर की लाश मिलने के बाद किन्नर उग्र हो गए. आक्रोश से भरे किन्नरों ने सड़क जाम करने के साथ ही आगजनी की घटना को भी अंजाम दिया. नाराज किन्नरों ने सड़क से गुजरने वाली गाड़ियों को भी निशाना बनाया. कंकड़बाग इलाके
में घंटों अफरा-तफरी का माहौल रहा. मामले की सूचना पर एएसपी सदर संदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम (Police Team) पहुंची. उन्होंने आक्रोश से भरे किन्नरों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन किन्नर पुलिस से ही उलझ पड़े.
इस दौरान पुलिसकर्मियों से बदसलूकी भी की गई. इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज
कर दिया. पुलिसवालों ने किन्नरों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इसके बाद हालात संभालने के लिए मौके पर सिटी एसपी ईस्ट जितेंद्र कुमार पहुंचे और किन्नरों को समझाया बुझाया.
सिटी एसपी ने बताया कि जिस सोनिया नामक किन्नर की संदेहास्पद मौत हुई है और किन्नर उसकी हत्या का आरोप लगा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच सकेगी. फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है. सोमवार को भी आलमगंज में एक किन्नर की हत्या कर दी गई थी और उसके साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था. आज दूसरा दिन है जब एक किन्नर की लाश मिलने के बाद बवाल मच गया. कंकड़बाग के मामले में किन्नरों के बयान पर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है.
