दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू हटाने के लिए मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल को प्रस्ताव भेजा है.
प्राइवेट दफ्तर भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चल सकेंगे. दिल्ली में कोरोना के घटते मामलों के मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है.

दिल्ली. दिल्ली में कोरोना प्रतिबंधों पर केजरीवाल सरकार राहत दे सकती है. दरअसल, दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू हटाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल को प्रस्ताव भेजा है. इसके साथ ही बाजारों में दुकान खोलने के लिए लागू ऑड इवन सिस्टम को भी हटाया जाएगा. प्राइवेट दफ्तर भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चल सकेंगे. दिल्ली में कोरोना के घटते मामलों के मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
दरअसल, दिल्ली में कम होते मामलों के चलते सरकार ने बंदिशों को कम करने का फैसला किया है. राजधानी में अब कोरोना के मामलों में गिरावट देखने को मिल रही है. पिछले 24 घंटे के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो दिल्ली में 12,306 नए संक्रमित सामने आए हैं. वहीं 18,815 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है. हालांकि इस दौरान 43 लोगों ने संक्रमण के चलते दम भी तोड़ दिया है. अब तक कुल एक्टिव मामलों की संख्या 68,730 पहुंच गई है. पॉजिटिविटी रेट की बात की जाए तो गुरुवार को ये 21.48 प्रतिशत पर रही.
टेस्ट के दामों में कटौती
उधर, दिल्ली सरकार ने लोगों को राहत देते हुए अब आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट के दाम घटा दिए हैं. अब निजी अस्पताल या लैब में आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए 300 रुपये का शुल्क लगेगा, जो पहले 500 रुपये था. वहीं सैंपल का होम कलेक्शन करने के लिए 500 रुपये देने होंगे, ये पहले 700 रुपये था. इसी के साथ सरकार ने रैपिड एंटीजन डिटेक्शन टेस्ट का रेट 100 रुपये तय किया है, ये पहले 300 रुपये था.
