किसानों पर लाठीचार्ज ‘तालिबानी’ मानसिकता से कम नहीं :संजय राउत

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि किसानों पर हमला देश के लिए शर्मनाक घटना है। यह एक तरह की तालिबानी मानसिकता है। यह सरकार कैसे कह सकती है कि यह गरीबों के लिए है और किसानों के लिए है?

Image Source : Google

हरियाणा में किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोमवार को केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों पर हमला देश के लिए शर्मनाक घटना है। यह एक तरह की तालिबानी मानसिकता है। यह सरकार कैसे कह सकती है कि यह गरीबों के लिए है और किसानों के लिए है? यह सरकार तो किसानों की ‘मन की बात’ भी नहीं सुनती।

केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के एक समूह पर हरियाणा पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस के अनुसार किसान नेशनल हाईवे बसताड़ा टोल पर बार-बार जाम लगाने की जिद्द कर रहे थे। बार-बार समझाने के बाद भी जब किसान नहीं माने तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान किसानों के वाहनों के शीशे भी टूटे। शाम को गुरनाम सिंह चढ़ूनी बसताड़ा टोल पर पहुंचे और धरने की कमान संभाली। इसके बाद मामला और बिगड़ गया।

बसताड़ा टोल पर शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की गाड़ी का भी किसानों ने विरोध किया। कुछ किसान पहले से ही वहां धरने पर बैठे थे। धनखड़ भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक में भाग लेने करनाल आ रहे थे। तभी बसताड़ा टोल से गुजरते हुए किसानों ने गाड़ी रोकने की कोशिश करते हुए काले झंडे दिखाए। इस दौरान किसानों ने सरकार और पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की। मगर पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए धनखड़ की गाड़ी को तुरंत वहां से आगे निकाल दिया।

हाईवे जाम करेंगे, पत्थर मारेंगे तो कानून अपना काम करेगा: मनोहर लाल
वहीं सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किसी के कार्यक्रम में व्यवधान डालना लोकतंत्र विरोधी कदम है। अगर किसानों को प्रदर्शन ही करना था तो शांतिपूर्वक करते, हमें कोई आपत्ति नहीं होती लेकिन पुलिस पर पत्थर मारेंगे या हाईवे जाम करेंगे तो कानून अपना काम करेगा। जाम के दौरान जिसका कसूर होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।